शुक्र, 06 नव. 2026

CGKhabar

बांग्लादेश चुनाव: जमात की अभूतपूर्व बढ़त ने बढ़ाई भारत की चिंता

C

CG Khabar

13 फ़र. 2026, 11:54 PM 3 मिनट में पढ़ें 12

बांग्लादेश चुनाव-जमात नेता
बांग्लादेश चुनाव-जमात नेता

नई दिल्ली । डेस्क: बांग्लादेश के 13वें राष्ट्रीय संसद चुनाव के परिणामों ने दक्षिण एशियाई राजनीति में एक नई हलचल पैदा कर दी है. हालांकि शुरुआती 'आशंकाएं' कुछ कम हुई हैं, लेकिन कट्टरपंथी दल 'जमात-ए-इस्लामी' की अभूतपूर्व शक्ति वृद्धि ने भारत के राजनयिक और राजनीतिक गलियारों में चिंता की लकीरें खींच दी हैं. 


चुनाव विशेषज्ञों के अनुसार, सत्ता की दहलीज तक न पहुंच पाने के बावजूद जमात ने सीटों की संख्या में अपना पिछला रिकॉर्ड तोड़ दिया है. 1991 के चुनाव में 18 सीटें जीतने वाली जमात इस बार उससे लगभग चार गुना अधिक सीटें हासिल करने की दिशा में है. विशेष रूप से पश्चिम बंगाल की सीमा से सटे जिलों जैसे सतखिरा, चुआडांगा, झिनाइदह और मेहरपुर में जमात का दबदबा बढ़ा है, जिसका सीधा असर भारत-बांग्लादेश संबंधों और सीमा सुरक्षा पर पड़ सकता है.

विज्ञापन


इस बार के चुनाव में जमात-ए-इस्लामी ने एक सोची-समझी रणनीति के तहत नेशनल सिटीजन पार्टी और कई अन्य इस्लामी दलों के साथ गठबंधन किया था. आंकड़ों का विश्लेषण बताता है कि कम से कम तीन दर्जन सीटों पर इस गठबंधन ने मुख्य विपक्षी दल बीएनपी को कड़ी टक्कर दी. 


दिलचस्प बात यह है कि कभी बीएनपी के चुनाव चिह्न पर लड़ने वाली जमात ने इस बार स्वतंत्र पहचान के साथ वापसी की है. चर्चा यह भी है कि शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के चुनाव में न होने का फायदा भी जमात को मिला, क्योंकि स्थानीय स्तर पर अवामी लीग के समर्थकों के वोट जमात के खाते में जाने की खबरें हैं. 


इसके अलावा, जमात के अमीर शफीकुर रहमान ने अपनी छवि बदलने के लिए अल्पसंख्यकों के प्रति सकारात्मक रुख अपनाने और 1971 के शहीदों को श्रद्धांजलि देने जैसे कदम उठाए, हालांकि पार्टी ने एक भी महिला उम्मीदवार को मैदान में न उतारकर अपनी पुरानी कट्टरपंथी छवि को बरकरार रखा है.


मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार के दौरान जमात पर से प्रतिबंध हटने के बाद से ही देश के प्रमुख विश्वविद्यालयों में भी इसकी छात्र शाखा 'इस्लामी छात्र शिबिर' का प्रभाव बढ़ा है. 

हालांकि जमात ने अपने चुनावी घोषणापत्र में भारत के साथ अच्छे संबंधों का वादा किया और पाकिस्तान का उल्लेख नहीं किया, लेकिन अतीत में भारत विरोधी संगठनों को संरक्षण देने के आरोपों के कारण नई दिल्ली सतर्क है. 


नोबेल पुरस्कार विजेता अमर्त्य सेन द्वारा बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की स्थिति पर चिंता जताने पर जमात प्रमुख की तीखी प्रतिक्रिया ने भी भारत की चिंताओं को बल दिया है. 


संसद में महत्वपूर्ण उपस्थिति और जनमत संग्रह में जमात के कई प्रस्तावों को मिली मंजूरी यह संकेत देती है कि आने वाले दिनों में बांग्लादेश की आंतरिक और विदेशी नीति में इस कट्टरपंथी दल की भूमिका निर्णायक होने वाली है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP