बांग्लादेश वायु सेना का विमान क्रैश, पायलट सहित 19 की मौत
ढाका में बांग्लादेश वायुसेना का विमान स्कूल में गिरा, 19 की मौत
ढाका | डेस्कः बांग्लादेश वायुसेना का ट्रेनर विमान सोमवार दोपहर को ढाका के दियाबारी क्षेत्र में एक स्कूल परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस विमान हादसे में विमान हादसे में पायलट सहित 19 लोगों की मौत हो गई और कम से कम 164 लोग घायल हैं. मरने वालों में 16 छात्र, 2 शिक्षक और 1 पायलट शामिल हैं.
घायलों को हाथ ठेले पर अस्पताल ले जाने का एक वीडियो भी सामने आया है. कई घायल बच्चों को हेलिकॉप्टर से अस्पताल पहुंचाया गया.
सरकार ने एक दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है. हादसे के समय स्कूल में क्लासेस चल रही थीं और सैकड़ों छात्र वहां मौजूद थे.
बांग्लादेशी सेना ने वायुसेना का F-7 BGI विमान के क्रैश होने की पुष्टि की है. बांग्लादेश वायु सेना का एफ-7 बीजीआई विमान अपनी नियमित प्रशिक्षण उड़ान पर था. सोमवार को दोपहर 1:06 बजे ढाका के कुर्मीटोला स्थित वायुसेना अड्डे से उड़ान भरने के बाद इस विमान को यांत्रिक खराबी का सामना करना पड़ा.
आईएसपीआर के मुताबिक विमान के पायलट फ्लाइट लेफ्टिनेंट मोहम्मद तौकीर इस्लाम ने बड़े नुकसान से बचाने के लिए विमान को घनी आबादी वाले इलाके से दूर ले जाने की पूरी कोशिश की लेकिन दुर्भाग्य से विमान ढाका के दियाबारी स्थित माइलस्टोन स्कूल एंड कॉलेज की दो मंजिला इमारत से टकरा गया.
आईएसपीआर के मुताबिक इस घटना में 164 लोग घायल हुए हैं. इसमें से कम से कम 84 लोगों को अभी भी अस्पताल में इलाज चल रहा है. इसमें से ज़्यादातर बच्चे हैं.