सोम, 09 नव. 2026

CGKhabar

प्रसूति कक्ष में बुर्का पहनकर जाने पर रोक, GMC डोडा में डॉक्टरों का प्रदर्शन

C

CG Khabar

01 अक्टू. 2026, 06:11 AM 3 मिनट में पढ़ें 22

बुर्का
बुर्का

डोडा । डेस्क: जम्मू-कश्मीर के डोडा स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज (GMC) में महिला प्रोफेसर द्वारा बुर्का पहनकर आई छात्राओं को प्रसूति कक्ष (लेबर रूम) में जाने से रोकने पर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. इस घटना के विरोध में बुधवार को संस्थान के दर्जनों छात्रों और इंटर्न डॉक्टरों ने काम का बहिष्कार कर अस्पताल परिसर के बाहर जमकर नारेबाजी और विरोध-प्रदर्शन किया.


प्रदर्शन कर रही छात्रा डॉक्टरों का आरोप है कि उक्त प्रोफेसर ने उन्हें लगातार दो दिनों तक प्रसूति कक्ष से बाहर निकाला और अपमानजनक टिप्पणियां कीं. 

विज्ञापन


छात्राओं का कहना है कि प्रोफेसर बुर्का पहनने वाली छात्राओं को अपने कक्ष में भी आने से मना करती हैं और उनके प्रति अनुचित शब्द इस्तेमाल करती हैं. 


प्रदर्शन में शामिल एक छात्रा इकरा ने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में बुर्का पहनने पर रोक लगाने का कोई आधार नहीं है और वे डॉक्टर से सार्वजनिक माफी की मांग कर रहे हैं. अन्य छात्राओं ने भी सवाल उठाया कि यदि स्वास्थ्य सुरक्षा और मेडिकल प्रोटोकॉल की बात है तो अन्य चीजों पर नियम लागू होने चाहिए, केवल बुर्का पहनने वालों को निशाना क्यों बनाया जा रहा है.


मामले की गंभीरता को देखते हुए जीएमसी डोडा प्रशासन ने जांच के लिए एक विशेष समिति का गठन कर दिया है. 


पुलिस अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर उग्र छात्रों से बातचीत की और आश्वासन दिया कि मेडिकल प्रोटोकॉल तथा नियमों की समीक्षा कर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी. 


उधर, डोडा के स्थानीय विधायक मेराज मलिक ने इस संवेदनशील मुद्दे पर जम्मू-कश्मीर की स्वास्थ्य मंत्री सकीना इतू से बात की है और प्रशासन से प्रोफेसर के खिलाफ तुरंत और सख्त कदम उठाने की मांग की है.


गौरतलब है कि इस्लामिक परिधानों में बुर्का, हिजाब और नकाब के बीच मुख्य अंतर उनके पहनने के तरीके और चेहरे को ढकने की सीमा पर आधारित है. हिजाब एक प्रकार का स्कार्फ या स्कार्फनुमा वस्त्र होता है, जिससे सिर और गर्दन को पूरी तरह ढका जाता है, लेकिन इसमें महिला का चेहरा पूरी तरह खुला रहता है. 


नकाब में सिर और गर्दन के साथ-साथ चेहरे का निचला हिस्सा (नाक और मुंह) भी ढका होता है, जिसमें केवल आंखें ही खुली और दिखाई देती हैं. इसे आमतौर पर हिजाब के साथ पूरक के रूप में पहना जाता है. 


वहीं बुर्का सबसे व्यापक आवरण वाला वस्त्र है, जो सिर से लेकर पांव तक पूरे शरीर और चेहरे को पूरी तरह ढक लेता है; इसमें आंखों के आगे भी कपड़े की एक जालीदार पट्टी लगी होती है ताकि महिला बाहर देख सके लेकिन बाहर से उसकी आंखें भी दिखाई न दें. Symbolic Photo.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP