बलरामपुर: ट्रक की टक्कर से पिकअप के परखच्चे उड़े, 3 मज़दूरों की मौत, 7 गंभीर
बलरामपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में राजपुर-कुसमी मार्ग पर सेवारी के पास एक तेज रफ्तार पिकअप और बाक्साइट लादकर जा रहे ट्रक के बीच जोरदार आमने-सामने की भिड़ंत हो गई. देर रात करीब 2 बजे हुए इस भयानक हादसे में पिकअप में सवार 3 मजदूरों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि 7 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे की विभीषिका इतनी ज्यादा थी कि टक्कर होते ही पिकअप के परखच्चे उड़ गए.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सूरजपुर जिले के नरोला गांव के रहने वाले 10 मजदूर पिकअप वाहन में सवार होकर शंकरगढ़ में टमाटर की खेती के काम के लिए जा रहे थे. इसी दौरान सेवारी के पास अनियंत्रित होकर पिकअप सामने से आ रहे ट्रक से जा टकराई. घटना की खबर मिलते ही राजपुर पुलिस तुरंत राहत कार्य के लिए पहुंची और स्थानीय निवासियों की सहायता से घायलों को वाहन से निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर भेजा गया.
अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने रान साय (34), उदय कुमार (25) और अमर साय (35) को मृत घोषित कर दिया. डॉक्टरों के मुताबिक तीनों के सिर और सीने पर आई गंभीर चोटें मौत का कारण बनीं.
वहीं, हादसे में घायल हुए सात अन्य मजदूरों देव कुमार, भानू, अमर साय, लक्ष्मण, अजय कुमार, राय सिंह और प्रदीप को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया है. घायलों में से 4 की स्थिति बेहद नाजुक बताई जा रही है.
दुर्घटना की वजह से राजपुर-कुसमी मार्ग पर कुछ समय के लिए आवागमन पूरी तरह ठप्प हो गया था. पुलिस ने क्रेन और कटर की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को साइड कराकर यातायात बहाल कराया. पुलिस की शुरुआती जांच में दुर्घटना का मुख्य कारण पिकअप की अत्यधिक गति माना जा रहा है. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है.