बलरामपुर: पिकअप की टक्कर से बाइक सवार की मौत
बलरामपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर रामानुजगंज जिले में देर रात एक भीषण सड़क हादसे में एक मोटरसाइकिल सवार युवक की जान चली गई. बसंतपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले फूलीडूमर चौक के पास यह दर्दनाक दुर्घटना उस समय हुई, जब वाड्रफनगर से सब्जियां लादकर उत्तर प्रदेश के बनारस की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया.
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप वाहन युवक को करीब 10 से 15 मीटर तक घसीटते हुए ले गया, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
घटना की जानकारी मिलते ही बसंतपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए स्थानीय अस्पताल भिजवाया.
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल सब्जी से लदे पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है.
अधिकारियों का कहना है कि हादसे के असल कारणों का पता लगाया जा रहा है और जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस के मुताबिक, मृतक की शिनाख्त तारकेश्वरपुर के रहने वाले श्यामलाल के रूप में की गई है.