बालोद: मरकाटोला घाट पर सड़क दुर्घटना, धुमाल पार्टी के 5 सदस्यों की मौत, 6 घायल
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में पुरुर थाना क्षेत्र के मरकाटोला घाट (नेशनल हाईवे-30) पर शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे एक तेज रफ्तार पिकअप सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई. इस हादसे में पिकअप में सवार 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 6 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे में घायल हुए सभी लोग कवर्धा से जगदलपुर की ओर जा रहे थे और वे एक धुमाल पार्टी से जुड़े सदस्य थे. दुर्घटना इतनी भयानक थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह से चकनाचूर हो गया.
हादसे की सूचना मिलने के बाद गृह मंत्री तथा राज्य के उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने घटना को अत्यंत हृदयविदारक बताते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की.
डिप्टी सीएम ने प्रशासनिक और स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए कहा कि घायलों का बेहतर से बेहतर इलाज सुनिश्चित किया जाए और परिजनों को हर संभव सहायता दी जाए.
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय नागरिक और पुलिस दल मौके पर पहुंचे तथा वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकालकर तुरंत एंबुलेंस से धमतरी जिला अस्पताल पहुंचाया.
अस्पताल के डॉक्टरों की टीम ने तुरंत इलाज शुरू किया, लेकिन दो घायलों की बेहद नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर कर दिया गया है. बाकी चार घायलों का इलाज धमतरी में जारी है. अस्पताल में महापौर रामू रोहरा ने भी पहुंचकर चिकित्सकों से मरीजों की स्थिति का जायजा लिया.
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. मृतकों की पहचान और शिनाख्त की कार्रवाई जारी है. अचानक हुई इस भयानक त्रासदी से घायलों में गहरा सदमा है और पुलिस राहत कार्यों के साथ-साथ कानूनी प्रक्रिया में जुटी हुई है.