बालोद: श्राद्ध कार्यक्रम से लौट रहे पिता-पुत्र की सड़क दुर्घटना में मौत, 1 मासूम गंभीर
बालोद । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक अनियंत्रित बाइक के सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा जाने के कारण बड़ा हादसा हो गया. इस भीषण दुर्घटना में बाइक सवार पिता और उनके 12 वर्षीय पुत्र की मौके पर ही जान चली गई, जबकि आठ साल का एक अन्य बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया.
घायल मासूम को नजदीकी अस्पताल में प्राथमिक इलाज देने के बाद गंभीर स्थिति में हायर सेंटर रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है.
मिली जानकारी के अनुसार, कजराबांधा गांव के रहने वाले डागेश्वर साहू (34) अपने दो बेटों, ओशांत (12) और अनुराग (8) के साथ एक सामाजिक पितृ श्राद्ध मिलन समारोह में शामिल होने गए थे. कार्यक्रम खत्म होने के बाद देर शाम जब वे अपनी बाइक से घर लौट रहे थे, तभी सनौद थाना इलाके के मुख्य मार्ग पर यह दुखद घटना घटी.
टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों काफी दूर जा गिरे और सिर पर गंभीर चोटें आने के कारण डागेश्वर तथा उनके बड़े बेटे ओशांत ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया.
दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग एकत्रित हो गए और उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी.
मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा तैयार कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.