बुध, 11 नव. 2026

CGKhabar

बालको चिमनी हादसा: 16 साल बाद ट्रायल में तेजी, चीनी अधिकारी अब भी नदारद

C

CG Khabar

14 फ़र. 2026, 05:09 AM 3 मिनट में पढ़ें 13

बाल्को चिमनी हादसा
बाल्को चिमनी हादसा

कोरबा । संवाददाता: देश के सबसे बड़े औद्योगिक हादसों में शुमार कोरबा के बालको चिमनी ढहने के मामले की सुनवाई अब अपने निर्णायक मोड़ पर है. साल 2009 में हुए इस भीषण हादसे में 40 मजदूरों की जान चली गई थी, जिसका ट्रायल वर्तमान में छत्तीसगढ़ के कोरबा जिला स्थित विशेष न्यायालय में चल रहा है. 


हाईकोर्ट के कड़े निर्देश के बाद इस मामले की सुनवाई फास्ट-ट्रैक मोड पर की जा रही है और इसे इसी वर्ष के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. हालांकि, इस महत्वपूर्ण कानूनी प्रक्रिया के बीच निर्माण का ठेका लेने वाली चीनी कंपनी सेपको (SEPCO) के आरोपी अधिकारियों ने सुनवाई से दूरी बना रखी है.

विज्ञापन


अदालत में गवाहों के बयान लगभग प्रतिदिन दर्ज किए जा रहे हैं, लेकिन सेपको के अधिकारी अब तक पेश नहीं हुए हैं. उनके वकीलों ने कोर्ट में तर्क दिया है कि भारत और चीन के बीच सीधी उड़ानें उपलब्ध न होने और वीजा संबंधी जटिलताओं के कारण वे भारत आने में असमर्थ हैं. 


दूसरी ओर, सरकारी वकील राजेंद्र साहू का कहना है कि आरोपी सुनवाई में देरी करने के लिए विभिन्न बहाने बना रहे हैं. उन्होंने बताया कि कोर्ट ने पहले वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित होने का विकल्प भी दिया था, लेकिन वह भी निष्फल रहा. 


21 सितंबर 2009 को बालको के 1200 मेगावाट पावर प्लांट में 275 मीटर ऊंची निर्माणाधीन चिमनी गिर गई थी, जिसमें सेपको समेत पांच कंपनियों के 17 लोगों को आरोपी बनाया गया है. अब सभी की नजरें 16 फरवरी को होने वाली अगली सुनवाई पर टिकी हैं, जहां कोर्ट चीनी अधिकारियों की दलीलों पर अपना रुख स्पष्ट कर सकता है.


गौरतलब है कि यह यह हादसा 21 सितंबर 2009 को छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में स्थित बालको (भारत एल्यूमीनियम कंपनी लिमिटेड) के 1200 मेगावाट के निर्माणाधीन पावर प्लांट परिसर में हुआ था.


हादसे के वक्त लगभग 275 मीटर ऊँची चिमनी का निर्माण कार्य चल रहा था. भारी बारिश और बिजली कड़कने के बीच अचानक निर्माणाधीन चिमनी भरभरा कर गिर गई. चिमनी का मलबा वहां काम कर रहे मजदूरों और कर्मचारियों पर जा गिरा, जिससे उन्हें संभलने का मौका भी नहीं मिला.


सरकारी आंकड़ों के अनुसार, इस भीषण दुर्घटना में 40 मजदूरों की मौत हुई थी, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए थे.


इस मामले में चिमनी निर्माण से जुड़ी 5 प्रमुख कंपनियों के कुल 17 अधिकारियों को आरोपी बनाया गया है. इन कंपनियों में शामिल हैं- BALCO (भारत एल्यूमीनियम कंपनी), SEPCO (चीनी कंपनी, जिसे निर्माण का मुख्य ठेका मिला था), GDCL (गैमन इंडिया), BVIL और DCPL.


इसमें प्रमुख आरोपियों चीनी कंपनी सेपको के तीन अधिकारी वू चुनआन, लियो गाक्सुन और वेइजिंग मुख्य आरोपियों में शामिल हैं. इसके अलावा अनूप महापात्रा, विपुल मेहता, दीपक नारंग, मनोज शर्मा, अनिल कुमार तोमर और आलोक शर्मा जैसे अधिकारियों के खिलाफ भी आपराधिक मामला दर्ज है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट
छत्तीसगढ़ विशेष

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का फैसला: फतवे की कोई कानूनी मान्यता नहीं, याचिका खारिज

6 दिन पहले

लक्ष्य कोचिंग- दंतेवाड़ा
छत्तीसगढ़ विशेष

दंतेवाड़ा में कोचिंग घोटालाः 68 लाख की एजेंसी बाहर, 90 लाख वाली को काम

6 दिन पहले

महादेव ऐप, सौरभ चंद्राकर, महादेव सट्टा
छत्तीसगढ़ विशेष

महादेव सट्टा के सौरभ चंद्राकर को CBI कल रायपुर अदालत में करेगी पेश

1 सप्ताह पहले

नवजात हाथी का ड्रोन से लिया फोटो
छत्तीसगढ़ विशेष

कोरबा: जंगल में गश्त के दौरान दिखा नवजात हाथी, सुरक्षा में तैनात हुआ ड्रोन

3 सप्ताह पहले

नक्सली
छत्तीसगढ़ विशेष

समर्पण करने वाले नक्सलियों में क्यों मची है खलबली?

3 सप्ताह पहले

File Photo
छत्तीसगढ़ विशेष

छत्तीसगढ़ का महासमुंद बना गांजा तस्करी का मुख्य ट्रांजिट कॉरिडोर, 10 टन गांजा जब्त

3 सप्ताह पहले

CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP