शेख हसीना के कार्यक्रम में जाना शाकिब को पड़ा भारी, क्रिकेट से छुट्टी!
नई दिल्ली । डेस्क: बांग्लादेश के स्टार ऑलराउंडर और पूर्व कप्तान शाकिब अल हसन की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम में वापसी की बची-कुची उम्मीदों पर भी अब पूरी तरह पानी फिर चुका है. बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि देश की अपदस्थ पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के एक मीडिया कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अब शाकिब के लिए राष्ट्रीय टीम में लौटने की कोई गुंजाइश नहीं बची है.
खेल मंत्री अमिनुल हक ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि सरकार अब तक शाकिब के मामले को काफी लचीलेपन और सहनशीलता के साथ देख रही थी, लेकिन किसी निरंकुश नेता के साथ मंच साझा करने के बाद उनके लिए वापसी के सारे दरवाजे हमेशा के लिए बंद हो चुके हैं.
यह विवाद उस वक्त गहराया जब नई दिल्ली में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में शेख हसीना ने पत्रकारों को संबोधित किया. श्रीलंका में मौजूद शाकिब अल हसन इस कार्यक्रम में फोन के जरिए जुड़े थे.
उल्लेखनीय है कि दो वर्ष पूर्व छात्रों के भारी विरोध प्रदर्शनों और हिंसा के बाद शेख हसीना को सत्ता छोड़कर भागना पड़ा था. ढाका की एक अदालत ने उन्हें नवंबर 2025 में मानवता के खिलाफ अपराधों का दोषी पाते हुए मौत की सजा सुनाई थी और वह फिलहाल भारत में शरण लिए हुए हैं.
पूर्व सांसद रह चुके 39 वर्षीय शाकिब अल हसन पर भी हसीना सरकार के दौरान प्रदर्शनकारियों पर हुई हिंसक कार्रवाई को लेकर हत्या के मुकदमे दर्ज हैं. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने इस साल जनवरी में उनकी खेल में वापसी के संकेत दिए थे, लेकिन बुधवार की घटना के बाद बांग्लादेश में उनके खिलाफ भारी जनआक्रोश देखने को मिला, जिसके चलते उनके घर पर पेट्रोल बम से हमला भी किया गया.
शाकिब बांग्लादेश के इतिहास के सबसे सफल क्रिकेटर हैं, जिन्होंने 400 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं. श्रीलंका में निर्वासन का जीवन बिता रहे शाकिब ने स्वदेश लौटकर मुकदमों का सामना करने और 2027 विश्व कप में खेलने की इच्छा जताई थी, लेकिन सरकार के सख्त रुख के बाद उनका क्रिकेट करियर अब समाप्त माना जा रहा है.