शाह के हाथो सम्मानित कलाकारों को पुरस्कार की राशि का इंतजार
छत्तीसगढ़ के बस्तर में आयोजित पंडुम महोत्सव के कलाकारों को राशि का इंतजार
कोंडागांव | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बस्तर में आयोजित "बस्तर पंडुम" महोत्सव में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले नर्तक दल को अभी तक पुरस्कार की राशि का इंतजार है. राशि नहीं मिलने से दल के सदस्यों में मायूसी और आदिवासी समाज प्रमुखों में नाराजगी देखने को मिल रही है.
दरअसल कोंडागांव के रांधना गांव के खूंटा मांदरी नृत्य दल ने बस्तर पंडुम महोत्सव के ब्लॉक स्तर से लेकर जिला स्तर और संभाग स्तर में जीत हासिल की थी.
दंतेवाड़ा में आयोजित संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में भारत के गृहमंत्री अमित शाह के हाथों प्रथम पुरस्कार दिया गया. लेकिन वह पुरस्कार सिर्फ दिखावा ही साबित हुआ.
गृहमंत्री अमित शाह के द्वारा मंच पर उन्हें 50 हजार का डेमो चेक दिया गया.
नर्तक दल को खूब तालियां मिलीं और सरकार ने भी सम्मानित करते हुए तालियां बटोरी, लेकिन अब तक असली चेक नहीं मिल पाया है.
इस नर्तक दल को आज तक पुरस्कार की राशि 50 हजार रुपये नहीं प्राप्त हुए हैं.
आदिवासी समाज के प्रमुखों ने भी प्रशासन की इस लापरवाही की घोर निंदा की है.
आदिवासी समाज में भी है नाराजगी
कोंडागांव जिले के आदिवासी समाज के अध्यक्ष बंगाराम सोढ़ी का कहना है कि राज्य सरकार द्वारा आयोजित बस्तर पंडुम में बस्तर संभाग के सभी नर्तक दलों ने अपनी प्रस्तुति दी.
कोंडागांव जिले के रांधना गांव के खूंटा मांदरी नृत्य दल ने भी अपनी प्रस्तुति दी. ब्लॉक स्तर से लेकर जिला स्तर और संभागीय स्तर में भी इस नर्तक दल ने प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया.
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के हाथों इस नृत्य दल के सदस्यों को पुरस्कार दिया गया, जिससे कोंडागांव जिले का मान भी बढ़ा.
जिला अध्यक्ष बंगाराम ने कहा कि बस्तर पंडुम महोत्सव को 17 दिन बीत चुके हैं.
गृह मंत्री के हाथों 50 हजार का डेमो चेक दिया गया लेकिन ना ही अब तक दल को पुरस्कार की राशि मिली और ना ही कोंडागांव जिला प्रशासन द्वारा इस दल का सम्मान किया गया है.सम्मान से कलाकारों का हौसला बढ़ता है लेकिन शासन-प्रशासन की इस लापरवाही से नर्तक दल के सदस्यों में मायूसी है.
राशि नहीं मिलने के सवाल पर अधिकारियों ने साधी चुप्पी
इधर इस मामले को लेकर बस्तर पंडुम महोत्सव के आयोजन से संबंधित अधिकारी कुछ भी कहने को तैयार नहीं हैं.
दंतेवाड़ा बस्तर पंडुम महोत्सव के नोडल अधिकारी और दंतेवाड़ा के जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा से सीजी खबर ने संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया.
यह भी पता चल रहा है कि देश के गृह मंत्री अमित शाह के हाथों इस पंडुम महोत्सव के दौरान आयोजित प्रतियोगिता में विजय हासिल करने वाले किसी भी नर्तक दल को पुरस्कार की राशि अब तक नहीं दी गई है.
बस्तर पंडुम को राष्ट्रीय स्तर पर प्रचारित किया गया था और इसके समापन पर देश के गृहमंत्री अमित शाह पहुंचे थे. शाह ने कहा था कि इस आयोजन को देश-विदेश तक लेकर जायेंगे.