अरावली खनन विवाद: केंद्र ने कहा- 90% हिस्सा पूरी तरह सुरक्षित
नई दिल्ली । डेस्क: अरावली पर्वत श्रृंखला के संरक्षण को लेकर बढ़ते राजनीतिक गतिरोध और पर्यावरणविदों के विरोध के बीच केंद्र सरकार ने रविवार को एक विस्तृत स्पष्टीकरण जारी किया है. केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने उन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है जिनमें कहा जा रहा था कि सरकार ने 'अरावली' की नई परिभाषा के जरिए खनन माफियाओं के लिए रास्ते खोल दिए हैं.
यादव ने इन दावों को "झूठ और भ्रामक" बताते हुए स्पष्ट किया कि अरावली परिदृश्य का 90 प्रतिशत से अधिक हिस्सा अभी भी सख्त सुरक्षा के घेरे में है और खनन पर किसी भी तरह की कोई ढील नहीं दी गई है.
यह पूरा विवाद सुप्रीम कोर्ट द्वारा पर्यावरण मंत्रालय द्वारा प्रस्तावित अरावली की नई परिभाषा को स्वीकार करने के बाद शुरू हुआ. नई परिभाषा के अनुसार, केवल उन्हीं भू-आकृतियों को 'अरावली पहाड़ी' माना जाएगा जिनकी स्थानीय ऊंचाई 100 मीटर या उससे अधिक है. इस मानक के सामने आने के बाद राजस्थान और हरियाणा में विरोध प्रदर्शन तेज हो गए.
विपक्ष और पर्यावरण कार्यकर्ताओं का आरोप है कि इस "संकीर्ण" परिभाषा से उन पहाड़ियों पर खतरा मंडराने लगेगा जिनकी ऊंचाई 100 मीटर से कम है. रिपोर्टों के अनुसार, राजस्थान की 12,081 पहाड़ियों में से केवल 1,048 ही इस नए मानदंड पर खरी उतरती हैं, जिससे शेष पहाड़ियों में रियल एस्टेट और खनन गतिविधियों के बढ़ने की आशंका जताई जा रही है.
मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि 100 मीटर की ऊंचाई के साथ-साथ उनके सहायक ढलानों और 500 मीटर के बफर जोन में खनन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. सरकार का तर्क है कि 'क्लस्टर-आधारित' परिभाषा के कारण पहाड़ियों के बीच की घाटियों और छोटे टीलों को भी सुरक्षा मिलेगी, जो वन्यजीव गलियारों और जल पुनर्भरण के लिए महत्वपूर्ण हैं.
सरकार के अनुसार, कुल 1.47 लाख वर्ग किमी अरावली क्षेत्र का केवल 0.19 से 2% हिस्सा ही सैद्धांतिक रूप से खनन के योग्य हो सकता है, जिसके लिए भी सुप्रीम कोर्ट की मंजूरी और कड़े वैधानिक क्लीयरेंस की आवश्यकता होगी.
हालांकि, क्षेत्र में लिथियम और ग्रेफाइट जैसे दुर्लभ खनिजों की मौजूदगी ने कार्यकर्ताओं के संदेह को और गहरा कर दिया है, जो अब पूरे अरावली क्षेत्र को 'क्रिटिकल इकोलॉजिकल ज़ोन' घोषित करने की मांग कर रहे हैं.