आरंग: 30 लाख के लेनदेन में सहकर्मी शिक्षक की हत्या
रायपुर । संवाददाता: रायपुर के पास आरंग में एक शिक्षक की हत्या के सनसनीखेज मामले की गुत्थी को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है. इस जघन्य वारदात को अंजाम देने वाला कोई और नहीं, बल्कि मृतक का अपना ही साथी शिक्षक निकला. रेत खनन, रियल एस्टेट और सर्राफा कारोबार में 30 लाख रुपये के निवेश और उससे जुड़े वित्तीय विवाद के चलते इस हत्या को अंजाम दिया गया था. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत के आदेश पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र के रामपुर डांगनिया निवासी 46 वर्षीय शिक्षक शिवकुमार चंद्राकर का शव 17 सितंबर को बंछरोदा गांव के पास लहूलुहान हालत में मिला था. उनके सिर और चेहरे पर धारदार और भारी हथियार से कई वार किए गए थे.
जांच के दौरान पुलिस को ग्रामीणों और एक चरवाहे से सुराग मिला कि घटना से कुछ समय पहले शिवकुमार को उनके सहकर्मी चंद्रप्रकाश वर्मा के साथ सफेद रंग की स्कूटी पर जाते देखा गया था. दोनों कुम्हारी गांव के एक ही स्कूल में पदस्थ थे.
जांच आगे बढ़ी तो पुलिस ने स्कूल के सीसीटीवी फुटेज और शिक्षा विभाग के 'विद्या समीक्षा केंद्र' (VSK) मोबाइल ऐप के एक्टिविटी लॉग्स की पड़ताल की. इसमें आरोपी की एक संदिग्ध चालाकी पकड़ में आई. आरोपी चंद्रप्रकाश गुरुवार सुबह 9:35 बजे स्कूल पहुंचा, अपने फोन का लोकेशन ऑफ किया और निजी काम का बहाना बनाकर निकल गया.
दोपहर करीब 12:50 बजे जब वह वापस लौटा, तो उसने दावा किया कि वह अपना फोन घर भूल आया है और उपस्थिति दर्ज करने के लिए एक अन्य सहकर्मी के मोबाइल से VSK ऐप पर लॉगिन किया. सिस्टम में दर्ज इस असमानता ने पुलिस के संदेह को पक्का कर दिया.
18 सितंबर को हिरासत में लिए जाने के बाद जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, तो चंद्रप्रकाश ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. आरोपी ने बताया कि उसने शिवकुमार को व्यापारिक निवेश के लिए करीब 30 लाख रुपये दिए थे, जिसके बदले में छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक के तीन हस्ताक्षरित खाली चेक सुरक्षा के तौर पर रखे गए थे. पिछले तीन महीनों से ब्याज का भुगतान न होने और लेन-देन को लेकर दोनों के बीच तनातनी चल रही थी.
घटना वाले दिन दोनों बातचीत के लिए स्कूल के बाहर मिले और स्कूटी पर बंछरोदा के एक सुनसान इलाके की ओर निकल गए. वहां बहस बढ़ने पर चंद्रप्रकाश ने स्कूटी में रखे धारदार हथियार से हमला कर दिया और फिर हथौड़े से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर शिवकुमार की हत्या कर दी.
पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल स्कूटी, हत्या में प्रयुक्त हथियार, तीन खाली चेक, मृतक का वॉलेट, मोबाइल फोन और खून से सने कपड़े व जूते बरामद कर लिए हैं. आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.