₹10 और ₹20 के प्लास्टिक नोटों के ट्रायल को मंजूरी
नई दिल्ली । डेस्क: केंद्र सरकार ने देश में जल्द ही प्लास्टिक (पॉलीमर) के बैंक नोट चलाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है. सरकार ने ₹10 और ₹20 मूल्यवर्ग के एक-एक अरब पॉलीमर बैंक नोटों को फील्ड ट्रायल के लिए जारी करने के प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी है. यह जानकारी वित्त मंत्री ने राज्यसभा में एक लिखित जवाब के दौरान दी.
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के केंद्रीय बोर्ड की सिफारिश के आधार पर, आरबीआई अधिनियम, 1934 की धारा 25 के तहत यह प्रस्ताव सरकार को भेजा गया था.
योजना के अनुसार, शुरुआती दौर में इन प्लास्टिक नोटों को मौजूदा कागज के नोटों के साथ ही बाजार में चलाया जाएगा. सफल परीक्षण के बाद इन्हें नियमित रूप से जारी करने पर विचार किया जाएगा. फिलहाल इस पूरी खरीद की प्रक्रिया अपने शुरुआती चरण में है, इसलिए इसके आने की सटीक समय-सीमा और लागत का आंकड़ा तय नहीं हुआ है.
इसके अलावा, सरकार ने संसद में देश की आर्थिक स्थिति और महंगाई पर भी आंकड़े प्रस्तुत किए. सरकार के अनुसार, खुदरा मुद्रास्फीति (महंगाई) दर में गिरावट दर्ज की गई है. वैश्विक उथल-पुथल और जिंसों की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बावजूद महंगाई आरबीआई के 4 प्रतिशत के लक्ष्य के नीचे बनी हुई है.
आम जनता को राहत देने और घरेलू खपत को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने अप्रत्यक्ष करों (जीएसटी) में दरों का सरलीकरण किया है और खाद्य तेलों व ईंधन पर उत्पाद शुल्क में कटौती जैसे कदम उठाए हैं. साथ ही, आयकर छूट की सीमा बढ़ाकर ₹12 लाख (वेतनभोगियों के लिए ₹12.75 लाख) करने से मध्यम वर्ग की बचत और क्रय शक्ति मजबूत हुई है.