मंगल, 10 नव. 2026

CGKhabar

पोलावरम परियोजना से सुकमा, बीजापुर और दंतेवाड़ा में तबाही की आशंका

C

CG Khabar

06 अक्टू. 2026, 02:00 PM 2 मिनट में पढ़ें 15

पोलावरम प्रोजेक्ट
पोलावरम प्रोजेक्ट

रायपुर । संवाददाता: आंध्र प्रदेश में निर्माणाधीन बहुउद्देश्यीय पोलावरम बांध के जलभराव से छत्तीसगढ़ के दक्षिणी हिस्से में गंभीर मानवीय और सांस्कृतिक संकट गहराने लगा है. इस परियोजना से सुकमा, बीजापुर और दंतेवाड़ा जिलों के सैकड़ों आदिवासी गांवों के जलमग्न होने तथा स्थानीय खेती और वनभूमि के डूबने का बड़ा जोखिम मंडरा रहा है. 


सबसे चिंताजनक स्थिति स्थानीय दोरला जनजाति की है, जिनके अस्तित्व पर ही इस निर्माण से विलुप्त होने का सीधा खतरा बन गया है. 

विज्ञापन


इस विषय पर बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी ने राज्य प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि प्रदेश में आदिवासी नेतृत्व होने के बावजूद इस वर्ग के हितों को दरकिनार किया जा रहा है. यदि प्रभावित लोगों की सुध नहीं ली गई तो आने वाले समय में एक व्यापक जन-आंदोलन खड़ा किया जाएगा.


आदिवासी समुदायों के इसी विस्थापन और नुकसान के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी सुकमा एवं आदिवासी कांग्रेस ने राज्यपाल के नाम एक विस्तृत ज्ञापन प्रस्तुत किया है. 


ज्ञापन के जरिए मांग की गई है कि पोलावरम परियोजना के प्रभाव का जमीनी स्तर पर नए सिरे से पारदर्शी मूल्यांकन कराया जाए. जब तक प्रभावित परिवारों के लिए पुनर्वास की ठोस योजना और उचित मुआवजा तय नहीं हो जाता, तब तक बांध के काम पर तुरंत रोक लगाई जाए. 


इसके साथ ही, केंद्र और राज्य सरकार से आदिवासियों के वन अधिकार पट्टे, निर्दोष आदिवासियों की जेल से रिहाई, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार व बेरोजगारी भत्ता और गांवों से स्मार्ट मीटर हटाकर निर्बाध बिजली आपूर्ति जैसी प्रमुख मांगों पर तत्काल कदम उठाने की अपील की गई है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP