छत्तीसगढ़ के अनूप रंजन पांडेय को राष्ट्रपति के हाथों मिला संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार
छत्तीसगढ़ के अनूप रंजन पांडेय को राष्ट्रपति के हाथों मिला संगीत नाटक अकादमी सम्मान
रायपुर | संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जाने-माने संस्कृतिकर्मी पद्मश्री अनूप रंजन पांडेय को गुरुवार को राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया. अनूप रंजन पांडेय ने कहा कि यह सम्मान छत्तीसगढ़ के आदिवासी कलाकारों और छत्तीसगढ़ की जनता को समर्पित है.
दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति ने देश के अलग-अलग राज्यों के कलाकारों को सम्मानित करते हुए कहा कि आज सम्मानित किए गए कलाकार मिलकर भारत का एक ऐसा सांस्कृतिक मानचित्र प्रस्तुत करते हैं, जिसमें इस देश की मिट्टी की कथाएं और गीत जुड़े हैं; ऐसा मानचित्र जिसमें विविधता से भरी इस धरती के नृत्य और उत्सव समाए हैं और सदियों से विकसित हुई इसकी भाषाओं और बोलियों की यादें समाई हैं.
राष्ट्रपति ने कहा कि भारत की सभी विभिन्न कला शैलियों में गुरु-शिष्य परंपरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है. हमारी कलाओं की सबसे महत्वपूर्ण पुस्तक जीवंत गुरु ही होते हैं. आज के तेजी से बदलते दौर में हमारी बहुत सी लोक-कलाओं पर विलुप्त होने का संकट मंडरा रहा है. ऐसी कला विधाओं का न केवल साक्ष्य और प्रमाण रखना जरूरी है बल्कि उन्हें जीवंत रखने के लिए विशेष प्रयास जरूरी हो जाते हैं.
उन्होंने कहा कि कला के संस्कार और समझ से जीवन को समृद्ध करने के लिए प्रकृति को सबसे सहज प्रशिक्षण संस्थान माना जाता है. लोक और जनजातीय कलाओं में जीवन का स्वाभाविक उल्लास और प्रकृति के साथ गहरा संवाद दिखाई देता है. इन कला रूपों में समुदाय की स्मृति और सामूहिक चेतना सहज रूप से व्यक्त होती है. यही कारण है कि लोक कलाएं भारत की सांस्कृतिक पहचान का अत्यंत महत्त्वपूर्ण आधार हैं.
मिल चुके हैं अनेक प्रतिष्ठित सम्मान
अनूप रंजन पाण्डेय को उनकी दीर्घकालीन सांस्कृतिक साधना और योगदान के लिए अनेक प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त हुए हैं.
इनमें गुरु-शिष्य परंपरा योजना के अंतर्गत वर्ष 2006 से 2008 तक गुरु के रूप में लोकनाट्य ‘तारे-नारे’ का प्रशिक्षण, दक्षिण मध्य सांस्कृतिक केंद्र, नागपुर, संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार; वरिष्ठ अध्येतावृत्ति सम्मान-2016, संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार; वर्ष 2019-2020 की अवधि के लिए टैगोर नेशनल स्कॉलरशिप, संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार; छत्तीसगढ़ शासन का राज्य अलंकरण ‘दाऊ मंदराजी लोक कला सम्मान-2014’; राष्ट्रीय स्वयं सिद्धश्री सम्मान-2017, जे.एस.पी.एल. फाउंडेशन, दिल्ली शामिल है.
उन्हें भारत सरकार का चौथा सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘पद्मश्री’-2019 में प्रदान किया गया था.
चार दशकों का सफर
लोक संगीत, अभिनय और निर्देशन के क्षेत्र में चार दशक से अधिक समय से सक्रिय लोक कलाकार अनूप रंजन पाण्डेय छत्तीसगढ़ के लोक रंगमंच और लोक संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं.
21 जुलाई 1965 को बिलासपुर में जन्मे ग्राम कोसा, जिला जांजगीर-चांपा निवासी अनुप रंजन पांडेय की संगीत, साहित्य और संस्कृति की प्रारंभिक शिक्षा उन्हें अपनी माता एवं गुरु, भजन गायिका स्व. श्रीमती मनोरमा पाण्डेय तथा पिता एवं गुरु, प्रतिष्ठित शिक्षाविद और संस्कृत के विद्वान स्व. श्री राधेश्याम पाण्डेय से प्राप्त हुई.
गांव में होने वाले लोकनाट्य नाचा और कृष्ण की बाल लीलाओं पर आधारित रहस लोकनाट्य से प्रभावित पाण्डेय ने महज नौ वर्ष की उम्र में रेलवे स्कूल, बिलासपुर के मंच पर पहली औपचारिक प्रस्तुति दी. पर्यावरण आधारित इस नाटक में उन्होंने ‘तृण’ पात्र की भूमिका निभाई. अभिनय की बारीकियों की समझ उन्होंने अपने बड़े भाई और अभिनेता रहे इंजीनियर श्री आलोक रंजन पाण्डेय से प्राप्त की.
साक्षरता अभियान से शुरू हुआ व्यापक जनजागरण का दौर
पाण्डेय के सांस्कृतिक जीवन में 1990 का दशक महत्वपूर्ण पड़ाव रहा. राष्ट्रीय साक्षरता मिशन के साक्षरता अभियान कार्यक्रम के तहत उन्होंने जनजागरूकता के विभिन्न विषयों पर नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से गांव-गांव पहुंचकर कार्य किया. साक्षरता कार्यक्रम में भागीदारी, महिला सशक्तीकरण, पर्यावरण जागरूकता और जनस्वास्थ्य जैसे विषयों पर 3000 से अधिक नुक्कड़ नाटकों का प्रदर्शन किया गया.
इसी दशक में लोक रंगमंच के महान नाटककार और रंगकर्मी, पद्मभूषण स्व. हबीब तनवीर का वर्ष 1988-89 में सानिध्य और उनके निर्देशन में नया थिएटर के साथ काम करने का अवसर पाण्डेय के सांस्कृतिक जीवन का महत्वपूर्ण अध्याय बना. हबीब तनवीर के निर्देशन में कार्य करने से भारतीय रंगदृष्टि के उनके लिए नए द्वार खुले.
स्व. हबीब तनवीर के निर्देशन में विश्वप्रसिद्ध नाटकों ‘चरणदास चोर’, ‘मिट्टी की गाड़ी’, ‘आगरा बाजार’, ‘मुद्राराक्षस’, ‘मोर नाव दमाद गाँव के नाव ससुरार’, ‘सड़क’, ‘कामदेव का अपना बसन्त ऋतु का सपना’, ‘राजरक्त’, ‘वेणीसंहार’ और ‘जिस लाहौर देख्या नई जन्मयाई नई’ में अभिनेता के रूप में उन्होंने देश के अलावा विदेशों की भी यात्राएं कीं.
इनमें वर्ष 1993 में इंग्लैंड के लंदन और लेसेस्टर तथा स्कॉटलैंड के ग्लासगो और वर्ष 2006 में जर्मनी के फ्रैंकफर्ट, बर्लिन और बॉन की यात्राएं शामिल हैं.
लोक संपदा के संरक्षण और संकलन का व्यापक कार्य
लोक रंगमंच में सक्रिय रहते हुए पाण्डेय ने मौखिक एवं वाचिक परंपरा में समाहित लोकगीत, लोकगाथा, लोकवार्ता, लोक आख्यान, लोकनाट्य और लोकवाद्यों के संकलन का व्यापक कार्य किया. इस सांस्कृतिक यात्रा के दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ अंचल के 2500 लोकगीत, गाथा और वार्ताओं, 150 लोकनाट्य नाचा के नकल-प्रहसनों तथा 175 लोकवाद्यों का संकलन किया और विभिन्न स्थानों पर उनका प्रदर्शन भी किया.
उन्होंने देश के अनेक शहरों और कला संस्थानों में अपने द्वारा संग्रहित लोकवाद्यों तथा लोक तत्वों का प्रदर्शन किया. साथ ही अनेक संस्थाओं के संग्रह के लिए लोक सामग्री भी उपलब्ध कराई. छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद उन्होंने 80 लोकवाद्य महंत घासीदास संग्रहालय, संस्कृति विभाग, छत्तीसगढ़ शासन को प्रदान किए.
मध्यप्रदेश जनजातीय संग्रहालय, भोपाल के लिए उन्होंने देशभर से 200 सुषिर लोकवाद्यों का संग्रह किया. इन वाद्यों की प्रदर्शनी भोपाल में आयोजित गंधर्व लोकरंग आयोजन में की गई. वर्तमान में ये वाद्य त्रिवेणी संग्रहालय, उज्जैन में प्रदर्शित हैं.
‘बस्तर बैंड’ के माध्यम से शांति और सृजन का संदेश
लोकवाद्य संकलन के दौरान ‘ढूसिर वाद्य’ की संगत में ‘लिंगों पेन की गाथा’ का गायन सुनकर पाण्डेय प्रेरित और प्रभावित हुए. इसके बाद प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने लगभग डेढ़ दशक पूर्व हिंसाग्रस्त बस्तर में आदिवासी कलाकार मित्रों के साथ मिलकर ‘बस्तर बैंड’ की स्थापना की.
बस्तर अंचल के 70 से अधिक प्रचलित, पारंपरिक और दुर्लभ लोकवाद्यों की संगत, संयोजन और निर्देशन में उन्होंने अनेक प्रस्तुतियों का निर्माण कर उन्हें मंचित किया. बस्तर में बम, बारूद और बढ़ती बंदूक संस्कृति के प्रतिरोध में बस्तर बैंड ने ‘बंदूक छोड़ो... ढोल पकड़ो’ मुहिम चलाई.
इस अभियान के माध्यम से युवाओं को सृजनात्मक कार्यों से जोड़ते हुए लोकवाद्य, लोकगीत-संगीत, लोकगाथा, मिथक कथाओं तथा लोक एवं आदिवासी कला-संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के साथ शांति की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया गया.
इसी प्रयास के तहत बिखराव के संकट से जूझ रही 100 से अधिक कला मंडलियों को पुनर्संगठित कर 5000 से अधिक कलाकारों को सक्रिय किया गया है. अब तक बस्तर बैंड के 11 कलाकारों को राष्ट्रीय एवं राज्य पुरस्कार प्राप्त हो चुके हैं.
देश-विदेश में बस्तर की लोकसंस्कृति की प्रस्तुतियां
बस्तर बैंड और बैंड के धरोहर कलाकारों ने अनेक प्रतिष्ठित महोत्सवों और समारोहों में अपनी प्रस्तुतियां दी हैं. इन प्रस्तुतियों में महामहिम राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, राज्यपाल, केंद्रीय मंत्री, कूटनीतिज्ञों, दूतावासों, मुख्यमंत्रियों, जनप्रतिनिधियों, पंचायतों, गांवों, शहरों, शैक्षणिक संस्थानों, केंद्रीय जेल, सुधारगृह और अन्य सामाजिक आश्रमों के अलावा अंतरराष्ट्रीय मंच भी शामिल हैं.
बस्तर बैंड ने रूस, नाइजीरिया (2019), दक्षिण अफ्रीका (2017) और इटली (2015) सहित विभिन्न देशों में प्रस्तुतियां दी हैं और इनसे सराहना के साथ राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के सम्मान भी अर्जित किए हैं.
साहित्य और प्रकाशन के क्षेत्र में भी योगदान
अनूप रंजन पाण्डेय ने सतत शिक्षा कार्यक्रम के लिए मानव संसाधन मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा समर्थित एवं प्रायोजित राज्य संसाधन केंद्र द्वारा निर्मित 114 नवपाठक साहित्य का संपादन किया है. इनमें अनेक पुस्तकों के अलावा गोंड-परधान चित्रकारी पर केंद्रित आख्यान ‘करम देव’ तथा ‘भगवान का धरती से ग़ायब हो जाना’ पुस्तकों का संपादन उल्लेखनीय है.
उन्होंने 2015 में इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़, छत्तीसगढ़ से लोक कला में डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी (पीएच.डी.) की उपाधि प्राप्त की.
राष्ट्रीय स्तर की संस्थाओं में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां
पाण्डेय 15 वर्षों तक तीन कार्यकालों में संगीत नाटक अकादेमी, दिल्ली के जनरल कौंसिल मेंबर रहे. ये कार्यकाल वर्ष 2004, 2009 और 2014 में रहे.
इसके अलावा वे संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार की फैलोशिप स्कीम की विशेषज्ञ समिति के सदस्य (2010) तथा जोनल कल्चरल सेंटर, नागपुर, संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार की प्रोग्राम कमेटी के सदस्य रहे हैं. वे आई.जी.सी. (WIPO), संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार की विशेषज्ञ समिति के सदस्य (2014) तथा भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर), नई दिल्ली की विशेषज्ञ उपसमिति के सदस्य (2013) भी रहे हैं.
उन्होंने अनेक बार भारत रंग महोत्सव की स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्य, विभिन्न रंग महोत्सवों में सलाहकार सदस्य तथा राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय, नई दिल्ली की छात्र चयन प्रक्रिया में सदस्य के रूप में भागीदारी की है.
वे राज्यपाल द्वारा मनोनीत कार्यकारिणी सदस्य, शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय, बस्तर, छत्तीसगढ़ रहे हैं. इसके अलावा पुरखौती मुक्तांगन द्वितीय चरण, 2008 के सलाहकार सदस्य, पुरखौती मुक्तांगन, संस्कृति विभाग, छत्तीसगढ़ के विशेषज्ञ सदस्य (2014), छत्तीसगढ़ बहुआयामी संस्कृति संस्थान ‘नक्शा’ की योजना परीक्षण हेतु विशिष्ट सदस्य, संस्कृति विभाग, छत्तीसगढ़ शासन (2006) तथा संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार की स्टूडियो थिएटर स्कीम की विशेषज्ञ समिति के सदस्य के रूप में भी उन्होंने जिम्मेदारियां निभाई हैं.
उन्हें राष्ट्रीय तुलसी सम्मान, मध्यप्रदेश, लोक कला सम्मान, भिलाई इस्पात संयंत्र, भिलाई-दुर्ग, छत्तीसगढ़ तथा राज्य अलंकरण, संस्कृति विभाग, छत्तीसगढ़ सहित विभिन्न सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है. वे राष्ट्रीय कला उत्सव, एनसीईआरटी, दिल्ली की ज्यूरी, यूथ फेस्टिवल, एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज, दिल्ली की ज्यूरी सहित अनेक चयन समितियों में भी सदस्य के रूप में भागीदारी कर चुके हैं.
परिवार भी सांस्कृतिक यात्रा में सहभागी
अनूप रंजन पाण्डेय की इस लंबी सांस्कृतिक यात्रा में उनकी पत्नी और लोककला मर्मज्ञ अस्मिता पाण्डेय तथा बेटी अनन्या पाण्डेय सहयोगी के रूप में सक्रिय हैं. वर्तमान में पाण्डेय ‘चिन्हारी रंगमंडल’ में निर्देशक तथा बस्तर बैंड, छत्तीसगढ़, भारत के संचालक के रूप में कार्य कर रहे हैं.