शनि, 07 नव. 2026

CGKhabar

छतीसगढ़ में बिकने वाले चिकन मांस में एंटीबायोटिक

छत्तीसगढ़ में चिकन में एंटीबायोटिक पाया गया है, जो खतरनाक हो सकता है

C

CG Khabar

27 अप्रै. 2025, 07:47 AM 7 मिनट में पढ़ें 17

चिकन में एंटीबायोटिक
चिकन में एंटीबायोटिक

रायपुर | ममता मानकरः देश में एंटीबायोटिक्स को लेकर अब जागरूकता बढ़ी है. लोग गाहे-बगाहे एंटीबायोटिक्स लेने से बचने लगे हैं.


लगातार बहुत से शोध भी हुए जिसमें यह पाया गया कि एंटीबायोटिक्स का सेहत पर बहुत बुरा प्रभाव पड़ता है. लेकिन आप में से बहुत से लोग जो चिकन खा रहे हैं, उसी चिकन से अब यही एंटीबायोटिक के अवशेष आपके शरीर में जा रहे हैं.  

विज्ञापन


दरअसल छतीसगढ़ में चिकन पर हुए एक शोध में पता चला है कि 44% चिकन मांस में एंटीबायोटिक के अवशेष पाए गये हैं, जो बच्चों के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकता है. 


हर छोटी-बड़ी बीमारी के लिए सामान्य दवा की जगह एंटिबायोटिक्स लेने को लेकर पिछले कुछ सालों में देश के शहरी इलाकों में थोड़ी जागरुकता आई है. एंटिबायोटिक्स से होने वाले नुकसान के कारण अब ज़रूरी होने पर ही लोग एंटिबायोटिक्स का उपयोग कर रहे हैं.


हालांकि ऐसी सावधानी बरतने वाले लोगों की संख्या भी बहुत कम है. लेकिन यह मान कर चल सकते हैं कि धीरे-धीरे यह जागरुकता बढ़ेगी. लोग एंटीबायोटिक्स के नुकसान से परिचित भी होंगे. लेकिन अगर आपके भोजन में ही एंटीबायोटिक्स हो तो भला उससे कैसे बचेंगे?


कुछ साल पहले छत्तीसगढ़ के दुर्ग ज़िले के कामधेनू विश्वविद्यालय ने “एचपीएलसी से चिकन में एंटीबायोटिक जाँच: छत्तीसगढ़ का अध्ययन” से एक शोध किया था.


जिसमें यह पता करने की कोशिश की गई थी कि छत्तीसगढ़ के अलग-अलग इलाकों में बिक रहे चिकन के मांस में एंटीबायोटिक दवाइयों के अवशेष हैं या नहीं और अगर हैं, तो क्या वे इंसानों की सेहत के लिए नुकसानदेह हो सकते हैं?

चिकन में ऐसे पहुंचता है एंटीबायोटिक

सवाल उठता है कि चिकन में ये एंटीबायोटिक्स आया कहां से?


असल में पोल्ट्री फार्म में मुर्गियों को जल्दी बड़ा करने और बीमारियों से बचाने के लिए दवाइयाँ दी जाती हैं.


इन दवाओं को सही तरीके से बंद नहीं किया जाए तो उनके कुछ अंश मांस में रह जाते हैं. 


दरअसल, भारत में दवाइयों का ज़रूरत से कहीं अधिक उपयोग और कमजोर नियम-कानून इस समस्या को और बढ़ाते हैं. 


इस तरह हुआ शोध

शोध के दौरान छत्तीसगढ़ के तीन अलग-अलग इलाकों मैदानी क्षेत्र, उत्तरी पहाड़ियाँ और बस्तर के पठारी इलाकों से चिकन के मांस के 336 नमूने इकट्ठे किए गए.


इन नमूनों को एच-पी-एलसी नाम की वैज्ञानिक तकनीक से जांचा गया. इस जांच से पता लगाया जाता है कि मांस में कौन-कौन सी दवाइयाँ मौजूद हैं और कितनी मात्रा में हैं.


इसके बाद मोंटे कार्लो सिमुलेशन नाम की तकनीक से यह अनुमान लगाया गया कि ये दवाइयाँ इंसान की सेहत पर क्या असर डाल सकती हैं. 


इस शोध से पता चला कि 336 नमूनों में से 147 नमूनों यानी लगभग 44% में दवा के अवशेष पाए गए हैं.


इनमें से 60 नमूनों यानी करीब 18% में दवाइयों की मात्रा तय सीमा से ज्यादा थी. सबसे ज्यादा असर उत्तरी पहाड़ी इलाके के चिकन में देखा गया.


दवाओं के शरीर में जाने की मात्रा को "EDI" कहा गया. जिसमें यह देखा गया कि बच्चों के आयु समूह 1 में यह खपत सबसे ज्यादा है.


जिन दवाओं के अवशेष सबसे ज्यादा मात्रा में मिले, उनमें एनरोफ्लोक्सासिन > सिप्रोफ्लोक्सासिन > टेट्रासाइक्लिन > सल्फामेथाज़िन > ऑक्सीटेट्रासाइक्लिन शामिल थी .


इस शोध से पता चलता है कि यह चिकन बच्चों के लिए बड़ों की तुलना में ज्यादा जोखिम भरा है. 


एंटीबायोटिक रेजिस्टेंस का निर्माण

अगर लगातार एंटीबायोटिक्स ग्रस्त मांस का सेवन होता है, तो बैक्टीरिया की दवाओं के खिलाफ प्रतिरोधक क्षमता बढ़ जाती है.


जिससे आम बिमारियों का इलाज मुश्किल हो सकता है. इसे कहते हैं एंटीबायोटिक रेजिस्टेंस.


इससे एलर्जी, किडनी और लिवर की दिक्कतें, बच्चों में इम्यून सिस्टम पर असर होने के साथ ही और भी कई प्रकार दिक्कतें आ सकती हैं.


इसे ऐसे समझिए कि इन दवाओं के कारण बैक्टीरिया दवाओं के खिलाफ मजबूत हो जाते हैं, जिसे "एंटीबायोटिक रेजिस्टेंस" कहा जाता है.


इसका मतलब ये है कि जब इंसान को कोई गंभीर संक्रमण होता है, तो एंटीबायोटिक्स दवाएं काम नहीं करतीं.


इसी एंटीबायोटिक रेजिस्टेंस के मुद्दे पर हाल ही में द लैंसेट जर्नल में प्रकाशित शोध में वैज्ञानिकों ने एंटीबायोटिक रेजिस्टेंस के बढ़ते गंभीर खतरे को लेकर सावधान किया था. 


एंटीबायोटिक प्रतिरोध के कारण लाखों की मौत

एक वैश्विक विश्लेषण के अनुसार साल 1990 से 2021 के बीच एंटीबायोटिक प्रतिरोध या रेजिस्टेंस के कारण दुनिया भर में हर साल एक मिलियन यानी 10 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो गई.


वैज्ञानिकों ने चिंता जताते हुए कहा था कि ये संकट और भी बढ़ता जा रहा है.


अगर इस दिशा में तुरंत सुधार वाले बड़े फैसले न लिए गए तो अगले 25 सालों में 39 मिलियन यानी 3.9 करोड़ लोगों की जान जा सकती है.


एशियाई देशों में ज्यादा खतरा

शोधकर्ताओं ने कहा कि भारत सहित एशियाई देशों के लिए भी ये बड़ी चुनौती बनते जा रहा है. स्वास्थ्य विशेषज्ञों को इस संबंध में बड़े फैसले लेने होंगे.


वरना एक समय ऐसा आ जाएगा जहां लोगों को दवाओं की सख्त जरूरत होगी और ये दवाएं काम नहीं करेंगी.


ग्लोबल रिसर्च ऑन एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (जीआरएएम) प्रोजेक्ट के शोधकर्ताओं ने कहा कि भविष्य में एंटीबायोटिक प्रतिरोध से होने वाली मौतों का अनुमान दक्षिण एशियाई देशों में सबसे ज्यादा है. 


जिसमें भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश जैसे देश शामिल हैं. साल 2025 से 2050 के बीच सीधे तौर पर यहां कुल 11.8 मिलियन (1.18 करोड़) से अधिक मौतों की आशंका है.


अनुमान के मुताबिक, अभी हर साल 7 लाख लोगों की जान इससे जाती है और 2050 तक यह संख्या 1 करोड़ तक पहुंच सकती है.


एक नई स्टडी से यह भी पता चला है कि माँ से नवजात बच्चे में भी ये बैक्टीरिया जा सकते हैं और सेप्सिस जैसी जानलेवा बीमारी पैदा कर सकते हैं.


उत्पादन में टॉप 5 पर भारत

चिकन मांस की खपत की ओर ध्यान दें तो पता चलता है कि भारत दुनिया में चिकन उत्पादन करने वाले टॉप पाँच देशों में से एक है.


देश में पोल्ट्री (मुर्गीपालन) उद्योग की कीमत लगभग 80,000 करोड़ रुपये है. इसमें ज़्यादातर चिकन मांस सीधे (जिंदा मुर्गे के रूप में) बेचा जाता है.


करीब 90-95% तक. सिर्फ 5% चिकन ही प्रोसेस यानी पैक करके बेचा जाता है.


चिकन से सबसे ज्यादा प्रोटीन की आपूर्ति

अगर हम खाने में मिलने वाले प्रोटीन की तुलना करें, तो चिकन और अंडा बाकी मांस और दूध की तुलना में सस्ता भी है और ज़्यादा प्रोटीन देता है. 


रिपोर्ट के मुताबिक, 2025 तक चिकन सबसे ज़्यादा खाया जाने वाला जानवरों से मिलने वाला प्रोटीन बन जाएगा.


चिकन शरीर को अच्छी गुणवत्ता वाला प्रोटीन देता है, जो शरीर की ऊर्जा, विकास और कोशिकाओं के सही काम के लिए जरूरी है.


लेकिन जैसा कि हमने रिपोर्ट के शुरू में जिक्र किया कि हाल के वर्षों में ऐसी रिपोर्टें आई हैं जिनमें कहा गया है कि चिकन मांस में एंटीबायोटिक और दूसरी हानिकारक चीज़ें (ज़ेनोबायोटिक्स) मिल रही हैं, जो इसका उपयोग करने वालों के लिए जानलेवा साबित हो रही हैं.


किन दवाओं का होता है इस्तेमाल

चिकन को बीमारियों से बचाने और उसका वजन तेजी से बढ़ाने के लिए पोल्ट्री फार्म में आमतौर पर फ़ीड (चारे) में दवाओं, खासकर एंटीबायोटिक्स, का इस्तेमाल किया जाता है.


ये दवाएं ज्यादातर बीमारी रोकने, इलाज करने और जल्दी वजन बढ़ाने के लिए दी जाती हैं.


भारत जैसे देशों में जहां दवाएं आसानी से मिल जाती हैं, वहां इनका इस्तेमाल और भी ज़्यादा हो जाता है. कभी-कभी बिना डॉक्टर की सलाह के भी.


भारत में पोल्ट्री फार्म में कितनी एंटीबायोटिक दवाएं इस्तेमाल होती हैं, इसका ठीक-ठीक आंकड़ा नहीं है.


लेकिन एक स्टडी के मुताबिक सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाली दवाएं टेट्रासाइक्लिन ग्रुप की होती हैं जैसे ऑक्सीटेट्रासाइक्लिन, क्लोरटेट्रासाइक्लिन, और डॉक्सीसाइक्लिन.


इसके अलावा एनरोफ्लोक्सासिन, सिप्रोफ्लोक्सासिन और नियोमाइसिन जैसी दवाएं भी इस्तेमाल होती हैं.


वैज्ञानिकों का कहना है कि अगर इन दवाओं का इस्तेमाल गलत तरीके से किया जाए, या खाने से पहले दवा का असर खत्म होने का समय न दिया जाए, तो ये दवाएं मांस में रह जाती हैं और फिर वो मांस खाने वाले लोगों तक पहुँच जाती हैं. इससे लोगों को नुकसान हो सकता है जैसे एलर्जी, लीवर और किडनी पर असर और कुछ मामलों में कैंसर या अनफिलेक्टिक शॉक भी हो सकता है.


भारत में संकट बढ़ने के आसार

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर, मुर्गे के मांस में कितनी मात्रा में दवा का अवशेष रह सकता है, इसकी सीमा तय कर दी गई है.


कुछ दवाओं के लिए 100 माइक्रोग्राम प्रति किलो और कुछ के लिए 500 माइक्रोग्राम प्रति किलो तक. भारत में 2030 तक पोल्ट्री में दवा का इस्तेमाल तीन गुना तक बढ़ने का अनुमान है.


यानी ये संकट अभी और गहरा सकता है. 


एंटीबायोटिक की गोली भले ही आप न गटक रहे हों, लेकिन न दिखने वाले इन एंटीबायोटिक के सेवन से बचने के लिए ज़रुरी है कि सरकार और पोल्ट्री इंडस्ट्री, दवाओं के इस्तेमाल पर सख्त नियंत्रण रखे.


पोल्ट्री में चारा और दवाओं की निगरानी होनी चाहिए.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
AI Generated Photo
खबर खास

मिर्गी के इलाज में ऐतिहासिक सफलता: चेमोजेनेटिक थेरेपी और 'मॉलिक्यूलर स्विच' से दौरे बंद

7 घंटे पहले

क्रिस्टियानो रोनाल्डो-  पुर्तगाल के दिग्गज फुटबॉलर
खबर खास

234 मैच, 146 गोल और 23 सालों की दास्तान: रोनाल्डो ने पुर्तगाल की 7 नंबर जर्सी को कहा अलविदा

एक दिन पहले

राहुल गांधी- फाइल फोटो
खबर खास

इलाहाबाद HC: 'सिख टिप्पणी' मामले में राहुल गांधी पर नहीं होगी FIR, कहा- सवाल उठाना सांसद का कर्तव्य

एक दिन पहले

सुप्रीम कोर्ट
खबर खास

हिरासत मिलते ही टिक-टिक शुरू: सुप्रीम कोर्ट ने कहा- 24 घंटे में मजिस्ट्रेट के सामने पेशी अनिवार्य

एक दिन पहले

डोनाल्ड ट्रंप- राष्ट्रपति अमेरिका
खबर खास

क्या डेमोक्रेट अमेरिका-ईरान युद्ध को रोक पाएंगे?

एक दिन पहले

मक्का
खबर खास

कम बारिश से एथेनॉल ब्लेंडिंग लक्ष्य पर संकट: खाद्य सुरक्षा बनी सरकार की प्राथमिकता

2 दिन पहले

CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP