एंथ्रोपिक ने अपनी नई AI तकनीक विदेशियों के लिये रोकी
वाशिंगटन । डेस्क: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस क्षेत्र की दिग्गज कंपनी एंथ्रोपिक ने अमेरिकी सरकार के एक सख्त आदेश के बाद अपने नए और बेहद उन्नत सॉफ्टवेयर तक पहुंच को पूरी तरह से ब्लॉक कर दिया है. क्लॉड चैटबॉट बनाने वाली इस कंपनी ने एक ब्लॉग पोस्ट के जरिए जानकारी दी कि सरकारी एजेंसियों ने राष्ट्रीय सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए उसे अपने नए एआई मॉडल 'फेबल 5' (Fable 5) और 'माइथोस 5' (Mythos 5) तक सभी विदेशी नागरिकों की पहुंच रोकने का निर्देश दिया है.
कंपनी को यह सरकारी आदेश शुक्रवार शाम को प्राप्त हुआ, जिसके तुरंत बाद उसने इस पर अमल किया. खास बात यह है कि इस प्रतिबंध का असर अमेरिका में मौजूद उन विदेशी नागरिकों पर भी पड़ेगा जो खुद एंथ्रोपिक कंपनी में काम कर रहे हैं. अचानक आए इस फैसले के कारण कंपनी को बेहद कम समय में इन सभी यूज़र्स की पहुंच को काटना पड़ा.
दरअसल, एंथ्रोपिक का 'माइथोस' एआई मॉडल सॉफ्टवेयर में मौजूद उन कमियों और सुरक्षा खामियों को ढूंढने में माहिर है, जो दशकों से अनसुनी थीं.
अमेरिकी अधिकारी और कुछ चुनिंदा कंपनियां इसका उपयोग अपने सिस्टम को सुरक्षित करने के लिए कर रही थीं.
लेकिन विशेषज्ञों को शुरू से डर था कि गलत हाथों में जाने पर यह तकनीक एक खतरनाक साइबर हथियार बन सकती है. इसी हफ्ते जारी हुआ 'फेबल 5' मॉडल भी इसी तकनीक पर आधारित है, हालांकि इसमें साइबर सुरक्षा और जैव-प्रौद्योगिकी से जुड़ी कुछ क्षमताओं को पहले से ही ब्लॉक रखा गया था.
एंथ्रोपिक ने सरकार के इस कदम पर असहमति जताई है. कंपनी का कहना है कि सुरक्षा उपायों के व्यापक परीक्षण के बाद ही इसे जारी किया गया था और ओपनएआई के जीपीटी-5.5 जैसे अन्य प्रतिस्पर्धी मॉडलों में भी ऐसी कोडिंग क्षमताएं मौजूद हैं.
इसी महीने की शुरुआत में एंथ्रोपिक ने खुद दुनिया की शीर्ष एआई कंपनियों से तकनीक के विकास को कुछ समय के लिए धीमा करने या रोकने का प्रस्ताव दिया था, ताकि इंसान इस पर अपना नियंत्रण न खो दे.
गौरतलब है कि एंथ्रोपिक एक प्रमुख अमेरिकी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सुरक्षा और अनुसंधान कंपनी है, जिसकी स्थापना 2021 में ओपनएआई (OpenAI) के पूर्व सदस्यों, मुख्य रूप से डैनिएला अमिटोई और डारियो अमिटोई भाई-बहन द्वारा की गई थी. इस कंपनी का मुख्य उद्देश्य ऐसे एआई सिस्टम विकसित करना है जो सुरक्षित, विश्वसनीय और इंसानी मूल्यों के अनुकूल हों.
एंथ्रोपिक को दुनिया भर में इसके प्रसिद्ध जनरेटिव एआई चैटबॉट 'क्लॉड' (Claude) के लिए जाना जाता है, जो भाषा को समझने, कोडिंग करने, जटिल समस्याओं को सुलझाने और तार्किक बातचीत करने में माहिर है. गूगल और अमेज़न जैसी बड़ी तकनीकी कंपनियों ने एंथ्रोपिक में अरबों डॉलर का निवेश किया है, जिससे यह एआई उद्योग में ओपनएआई की सबसे बड़ी प्रतिस्पर्धी बनकर उभरी है.
एंथ्रोपिक की एक खास पहचान यह है कि यह 'संवैधानिक एआई' (Constitutional AI) तकनीक पर काम करती है, जिसका मतलब है कि इसके एआई मॉडल को सिद्धांतों के एक तय समूह के आधार पर खुद को सही और सुरक्षित रखना सिखाया जाता है. हाल के दिनों में कंपनी उन्नत एआई के खतरों को लेकर दुनिया को सचेत करने और इसके विकास को नियंत्रित करने की वकालत करने के लिए भी चर्चा में रही है.