वादाखिलाफी से नाराज ग्रामीणों ने रोका NMDC का काम, लाखों का नुकसान
जगदलपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में एनएमडीसी प्रबंधन और स्थानीय ग्रामीणों के बीच विवाद गहराता जा रहा है. डोंगरीगुड़ा पंचायत में स्थित रेलवे साइडिंग पर ग्रामीणों ने पिछले चार दिनों से अनिश्चितकालीन प्रदर्शन करते हुए लौह अयस्क की ढुलाई का काम पूरी तरह बंद कर दिया है.
ग्रामीणों का आरोप है कि एनएमडीसी प्रबंधन ने साल 2020 में ग्रामसभा से एनओसी लेते वक्त जो वादे किए थे, उन्हें आज तक पूरा नहीं किया गया है. इस गतिरोध के कारण एनएमडीसी को रोजाना लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है.
शुक्रवार को स्थानीय प्रशासन और एनएमडीसी के अधिकारियों की टीम ग्रामीणों को समझाने पहुँची थी, लेकिन लंबी चर्चा के बाद भी कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका और अधिकारियों को खाली हाथ लौटना पड़ा.
ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों का कहना है कि प्रबंधन ने स्थानीय युवाओं को रोजगार देने, लोडिंग-अनलोडिंग का काम पंचायत को सौंपने और सीएसआर मद से गांव में पक्की सड़कें, नालियां, स्कूल और स्वास्थ्य सुविधाएं विकसित करने का भरोसा दिया था.
पंचायत प्रतिनिधि बलराम मौर्य और स्थानीय नेताओं के अनुसार, 6 साल बीत जाने के बाद भी न तो किसी ग्रामीण को नौकरी मिली और न ही गांव में कोई विकास कार्य हुआ. ग्रामीणों ने साफ कर दिया है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक साइडिंग में काम शुरू नहीं होने दिया जाएगा.
वर्तमान में तोकापाल एसडीएम संजय सिन्हा के नेतृत्व में प्रशासन बीच का रास्ता निकालने की कोशिश कर रहा है, हालांकि एनएमडीसी प्रबंधन इस मामले पर कुछ भी कहने से बच रहा है.