भारत के लिये खुला तेल का खजाना
नई दिल्ली । डेस्क: अंडमान सागर में विशाल तेल के भंडार की संभावना दिख रही है, जो भारत की तस्वीर बदलकर रख देगी.
भारत की ऊर्जा सुरक्षा और आर्थिक विकास के लिए एक बड़ी खबर सामने आ रही है. अंडमान सागर में विशाल तेल भंडार की खोज के संकेत मिले हैं, जो देश को तेल आयात पर निर्भरता से मुक्त कर सकता है और वैश्विक तेल बाजार में भारत की स्थिति को मजबूत करेगा.
केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने हाल ही में इसकी पुष्टि की है.
पुरी के अनुसार, अंडमान सागर में 1.84 लाख करोड़ लीटर कच्चे तेल का भंडार हो सकता है, जो गुयाना में मिले तेल भंडार के बराबर है. उन्होंने कहा, "कृष्णा-गोदावरी बेसिन के बाद अब अंडमान सागर में भी तेल के सकारात्मक संकेत मिले हैं. यह खोज भारत की अर्थव्यवस्था को $3.7 ट्रिलियन से $20 ट्रिलियन तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगी."
ONGC का रिकॉर्ड प्रदर्शन
सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉरपोरेशन (ONGC) ने कारोबारी साल 2024 में 37 वर्षों में सबसे अधिक 541 कुएं खोदे, जिनमें 103 खोज कुयें और 438 विकास कुयें शामिल हैं. कंपनी ने इस दौरान ₹37,000 करोड़ का रिकॉर्ड कैपिटल एक्सपेंडिचर भी दर्ज किया.
ONGC और ऑयल इंडिया लिमिटेड ने अंडमान के गहरे समुद्री क्षेत्रों में खुदाई शुरू कर दी है.
नीतिगत सुधार और बढ़ता निवेश
सरकार ने पिछले कुछ वर्षों में समुद्री बेसिनों में तेल और गैस की खोज के लिये नीतिगत सुधार किये हैं और निवेश को बढ़ावा दिया है. इन प्रयासों के परिणामस्वरूप अंडमान सागर में तेल खोज की संभावनायें मजबूत हुई हैं.
पुरी ने बताया कि गुयाना में 43-44 कुओं की खुदाई के बाद 41वें कुयें में तेल मिला था. भारत भी इसी तरह की चुनौतियों का सामना कर रहा है, लेकिन जल्द ही सफलता की उम्मीद है.