कनाडा में भारतीय छात्र की गोली मारकर हत्या
नई दिल्ली । डेस्क: कनाडा के टोरंटो में एक बार फिर भारतीय नागरिक की हत्या की खबर सामने आई है. टोरंटो विश्वविद्यालय के स्कारबोरो कैंपस के पास 20 वर्षीय भारतीय डॉक्टरल (पीएचडी) छात्र शिवांक अवस्थी की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मंगलवार दोपहर गोली लगने के बाद घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई.
टोरंटो पुलिस के अनुसार, मंगलवार करीब 3.34 बजे हाइलैंड क्रीक ट्रेल और ओल्ड किंग्स्टन रोड इलाके में गड़बड़ी की सूचना मिली थी. मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने एक गंभीर रूप से घायल युवक को पाया, जिसे तुरंत मृत घोषित कर दिया गया.
पुलिस का कहना है कि उनके पहुंचने से पहले ही संदिग्ध आरोपी घटनास्थल से फरार हो चुके थे. आरोपियों की तलाश में तलाशी अभियान जारी है और आम जनता से भी सहयोग की अपील की गई है.
पुलिस ने बताया कि यह घटना 2025 में टोरंटो की 41वीं हत्या है, जिससे शहर में बढ़ती हिंसा को लेकर चिंता और गहराती जा रही है.
इस बीच, भारत के विदेश मंत्रालय ने शिवांक अवस्थी की हत्या को “दुःखद” बताते हुए गहरा शोक व्यक्त किया है. टोरंटो स्थित भारत के काउंसुलेट जनरल ने एक्स पर बयान जारी कर कहा कि शोकसंतप्त परिवार को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है और स्थानीय अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा गया है.
गौरतलब है कि यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब पिछले सप्ताह ही टोरंटो में 30 वर्षीय भारतीय महिला हिमांशी खुराना की भी हत्या कर दी गई थी. स्ट्रैचन एवेन्यू और वेलिंगटन स्ट्रीट वेस्ट इलाके से लापता होने की शिकायत के एक दिन बाद पुलिस ने शनिवार को उनके आवास से शव बरामद किया था.
इस मामले में पुलिस ने 32 वर्षीय अब्दुल गाफुरी के खिलाफ प्रथम श्रेणी हत्या का मामला दर्ज कर गिरफ्तारी वारंट जारी किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी और मृतका के बीच करीबी संबंध थे.
हिमांशी खुराना की मौत पर भी भारत के काउंसुलेट जनरल ने गहरा शोक जताते हुए कहा है कि परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है.
लगातार हो रही इन घटनाओं से कनाडा में भारतीय समुदाय के बीच सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.