मंगल, 10 नव. 2026

CGKhabar

जगदलपुर में 9 साल से अधूरी पड़ी अमृत मिशन योजना

C

CG Khabar

02 फ़र. 2025, 02:44 PM 5 मिनट में पढ़ें 19

 9 साल से अधूरी अमृत मिशन योजना
9 साल से अधूरी अमृत मिशन योजना

जगदलपुर | संवाददाताः केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी अमृत मिशन योजना का काम जगदलपुर में तय समय सीमा सितंबर 2019 में पूरा होना था. इसके बावजूद 2025 में भी इस योजना के तहत होने वाला काम अधूरा ही है और जगदलपुर के लोग पेयजल के लिए परेशान हो रहे हैं.  
नगरीय निकाय चुनाव में होने वाले मतदान के लिए केवल 9 दिन ही शेष रह गए हैं. जगदलपुर वासियों का कहना है कि चुनाव में जनता से जुड़े मुद्दे गायब हैं. बीते 9 सालों से जगदलपुरवासी सबसे जरूरी साफ पानी के लिए तरस रहे हैं, लेकिन आश्वासन के अलावा उन्हें कुछ नहीं मिल रहा.
केंद्र सरकार की अमृत मिशन योजना के तहत जगदलपुर शहर के 48 वार्डों में 24 घंटे पेयजल की सुविधा दी जानी थी. लेकिन बीते 9 सालों से यह योजना अधूरी पड़ी हुई है. 

किसी शहर में 24 घंटे पानी की सुविधा नहीं

जिम्मेदारों का दावा है कि जगदलपुर शहर में आखिरी चरण का काम बचा हुआ है. अमृत मिशन के तहत 24 घंटे पानी उपलब्ध कराने के दावे अभी तक छत्तीसगढ़ में खोखले ही साबित हुए हैं. अभी तक राज्य के किसी शहर में 24 घंटे पानी सप्लाई की सुविधा नहीं है.

विज्ञापन

केंद्र सरकार के द्वारा अमृत मिशन के तहत दूसरा फेस 2.0 भी लागू कर दिया गया है, जबकि जगदलपुर के साथ ही दूसरे कई जिलों में भी अभी  तक प्रथम चरण की योजना पूरी नहीं हो सकी है.

जिम्मेदारों की उदासीनता के चलते करोड़ों खर्च करने के बाद भी योजना पूरी नहीं हो सकी है. जगदलपुर में काम बंद होने के संबंध में ठेकेदार द्वारा भुगतान लंबित होने की बात कही जाती है.

ठेकेदार द्वारा 90% काम पूर्ण बताया जा रहा है, लेकिन आज भी जगदलपुर शहर के कई घरों में अमृत मिशन योजना के तहत मीटर तक नहीं लगाया गया है.

इसके चलते जगदलपुर नगर निगम चुनाव में साफ पानी सबसे अहम मुद्दा बन गया है.

बीते 9 साल से अधूरा पड़ा है काम

जगदलपुर नगर निगम में साल 2016 में अमृत मिशन योजना  के तहत शहर वासियों को 24 घंटे पेयजल की सुविधा देने के लिए शहर में पाइप लाईन बिछाने का और घर- घर में मीटर लगाने का काम शुरू किया गया. आज 9 साल बाद भी काम अधूरा पड़ा हुआ है. योजना कब तक पूरी होगी यह भी बताने से अधिकारी बच रहे हैं.

इधर लेटलतीफी के चलते 104 करोड़ की परियोजना की लागत वर्तमान में करीब 150 करोड़ रुपए पहुंच गयी है.

इस मामले में भाजपा और कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी चुनाव जीतने के बाद सबसे पहले अमृत मिशन योजना का काम पूरा करने का दावा कर रहे हैं.

शहर वासियों का कहना है कि इससे पहले भी नगरीय निकाय चुनाव में इसी तरह के दावे किए गए लेकिन आज भी वार्डवासी शुद्ध पेयजल के लिए तरस रहे हैं. शहर के कई वार्ड ड्राई जोन में आते हैं और यहां गर्मी के मौसम में पानी के लिए लोगों को काफी जद्दोजहद करनी पड़ती है.

सरकार से की गई अतिरिक्त राशि की मांग

जगदलपुर की पूर्व महापौर सफीरा साहू का कहना है कि अमृत मिशन योजना का काम लगभग 90% पूरा हो चुका है. इस योजना में लेट लतीफी का कारण काम नहीं करने वाले ठेकेदार हैं, जिनको ब्लैक लिस्ट किया गया है और नए ठेकेदारों को काम दिया गया है.

अब राशि की कमी होने के चलते राज्य सरकार से अपेक्षित राशि की मांग की गई है.

अमृत मिशन अंतर्गत छत्तीसगढ़ में राज्य स्तरीय हाई पॉवर स्टेयरिंग कमेटी की पहली बैठक 20 अक्टूबर 2015 को हुई थी. इस बैठक में अमृत मिशन के लिये राज्य के 9 शहरों का चयन किया गया था.

जिसमें रायपुर, बिलासपुर, भिलाई, कोरबा,  दुर्ग,  राजनांदगांव,  रायगढ़ और अंबिकापुर के साथ ही जगदलपुर का नाम भी शामिल था. जगदलपुर की ही बात करें तो सितंबर 2019 में अमृत मिशन का काम पूरा होना था.

इसके बाद काम पूरा न होने पर लगातार अधिकारियों द्वारा काम पूरा करने की तारीख जारी की जाती रही.

2019 के बाद 2020 फिर 2022 और अंततः अगस्त 2023 में अमृत मिशन योजना के उस समय के नोडल अधिकारी ने कहा था कि वैसे तो 31 मार्च 2023 तक योजना का काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन नई कंपनी को 6 महीने का एक्सटेंशन दिया गया है और उन्होंने सितंबर तक काम पूरा होने की उम्मीद जताई थी.

इसके बाद 2024 का पूरा साल निकल जाने के बाद भी जगदलपुर वासियों को शुद्ध पेयजल नसीब नहीं हो रहा है. आज फरवरी 2025 में भी यही कहा जा रहा है कि 80-90% काम हो चुका है. पर पूरा कब होगा इसकी कोई निश्चित तारीख नहीं है.

निर्दलीय प्रत्याशियों ने लगाया भ्रष्टाचार का आरोप

इधर आम आदमी पार्टी के महापौर प्रत्याशी समीर खान और निर्दलीय प्रत्याशी रोहित सिंह आर्या ने अमृत मिशन योजना में भाजपा - कांग्रेस के जिम्मेदारों के द्वारा भारी भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाया है.

रोहित सिंह आर्या का कहना है कि जगदलपुर नगर निगम में पिछले 9 सालों से कांग्रेस का कब्जा था. इस योजना के तहत सरकार से तो राशि मिली लेकिन इसकी टेंडर प्रक्रिया में घोर लापरवाही बरती गई और चहेते ठेकेदारों को काम दिलाने की एवज में भारी भ्रष्टाचार किया गया.

एक साल पहले कांग्रेस की महापौर सफिरा साहू के भाजपा में शामिल होने के बाद भी काम पूरा नहीं हुआ. पूर्व महापौर और जिम्मेदारों के द्वारा इस योजना में जमकर भ्रष्टाचार किया गया है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
नदी में डूबने से मौत- कोरबा
छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ के कोरबा में तैरकर आजन नदी पार कर रहे 50 वर्षीय ग्रामीण की डूबने से मौत

2 घंटे पहले

होटल में छापा
छत्तीसगढ़

रायपुर लैब की रिपोर्ट: बिलासपुर के 9 नामी संस्थानों के घी, पनीर और दही में मानकों की अनदेखी

3 घंटे पहले

रवि टंडन और पत्नी बरखा टंडन- आरोपी
छत्तीसगढ़

रायपुर के होटल कारोबारी दंपती रवि टंडन और पत्नी बरखा टंडन के खिलाफ FIR दर्ज

3 घंटे पहले

मां की हत्या
छत्तीसगढ़

जशपुर: खाना परोसने की बात पर अधजली लकड़ी से हमला कर ली मां की जान

9 घंटे पहले

रेलगाड़ी- सांकेतिक फोटो
छत्तीसगढ़

चांपा: अज्ञात युवक की ट्रेन दुर्घटना में मौत, शिनाख्त के लिए अस्पताल मॉर्चुरी भेजा शव

9 घंटे पहले

रेप
छत्तीसगढ़

रायगढ़ में झाड़-फूंक के नाम पर रेप और ठगी, तांत्रिक और महिला साथी गिरफ्तार

10 घंटे पहले

CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP