AMNS की छत्तीसगढ़-आंध्र प्रदेश स्लरी पाइपलाइन स्वीकृत
विजयवाड़ा । डेस्क: केंद्र सरकार ने आर्सेलरमित्तल निप्पॉन स्टील इंडिया (AMNS इंडिया) के छत्तीसगढ़ से आंध्र प्रदेश तक, ओडिशा के रास्ते, एक आयरन ओर स्लरी पाइपलाइन स्थापित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. यह पाइपलाइन छत्तीसगढ़ की खदानों से आयरन ओर को आंध्र प्रदेश के अनाकापल्ली में स्थापित हो रहे आर्सेलरमित्तल निप्पॉन स्टील इंडिया के स्टील प्लांट तक पहुंचाएगी.
पेट्रोलियम और खनिज पाइपलाइन (भूमि में उपयोग के अधिकार का अधिग्रहण) अधिनियम, 1962 के तहत इस्पात मंत्रालय ने इस पाइपलाइन को हरी झंडी दे दी है. यह पाइपलाइन आयरन ओर को स्लरी (गाढ़े घोल) के रूप में परिवहन करेगी, जिससे एक टिकाऊ और लागत-कुशल लॉजिस्टिक्स कॉरिडोर बनेगा और सड़क तथा रेल परिवहन पर निर्भरता काफी कम हो जाएगी.
यह परियोजना कम कार्बन उत्सर्जन वाले, पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार कॉरिडोर की दिशा में एक बड़ा कदम है, जो भारत की हरित बुनियादी ढांचे की प्रतिबद्धता के अनुरूप है.
यह मंज़ूरी अनाकापल्ली में आर्सेलरमित्तल निप्पॉन स्टील इंडिया इंडिया के 17 एमटीपीए (पहले चरण में 8.2 एमटीपीए) एकीकृत इस्पात परियोजना के कार्यान्वयन का मार्ग प्रशस्त करती है. यह सुविधा भारत के सबसे बड़े ग्रीनफील्ड स्टील प्लांट्स में से एक होगी, जो ऊर्जा दक्षता, जल पुनर्चक्रण और कम कार्बन फुटप्रिंट के लिए अत्याधुनिक तकनीक से लैस होगी.
पिछले सप्ताह, पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की विशेषज्ञ मूल्यांकन समिति ने परियोजना के 8.2 एमटीपीए के पहले चरण को मंजूरी दी थी. पर्यावरण और पाइपलाइन दोनों स्वीकृतियों के साथ, अनाकापल्ली स्टील प्लांट अब शीघ्र ही कार्यान्वयन चरण में प्रवेश करेगा.
आंध्र प्रदेश के शिक्षा, आईटी और इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्री नारा लोकेश ने इस पाइपलाइन की मंजूरी को विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचा, त्वरित मंजूरी और सक्रिय शासन प्रदान करने में आंध्र प्रदेश के नेतृत्व का प्रमाण बताया.
उन्होंने कहा, "आर्सेलरमित्तल निप्पॉन स्टील इंडिया परियोजना हजारों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष नौकरियां पैदा करेगी, स्थानीय उद्योग को बढ़ावा देगी और वैश्विक इस्पात आपूर्ति श्रृंखला में भारत की स्थिति को मजबूत करेगी."