अमित शाह का बंगाल मिशन: MLAs और MPs को अल्टीमेटम
कोलकाता । डेस्क: पश्चिम बंगाल में 2026 के विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंकते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कोलकाता में भाजपा सांसदों और विधायकों के साथ एक महत्वपूर्ण सांगठनिक बैठक की.
साल्ट लेक के एक निजी होटल में बुधवार को हुई इस उच्च स्तरीय बैठक में शाह ने जनप्रतिनिधियों को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि आगामी चुनावों में टिकट का आधार उनके द्वारा अपने क्षेत्रों में बिताया गया समय और सक्रियता होगी.
बैठक में सुवेंद्र अधिकारी, सुकांत मजूमदार और दिलीप घोष जैसे दिग्गज नेताओं की मौजूदगी ने पार्टी के भीतर एकजुटता का संकेत दिया.
गृह मंत्री ने न केवल वर्तमान प्रतिनिधियों बल्कि पिछले चुनाव में हारे हुए प्रत्याशियों से भी उनके अनुभवों और बाधाओं पर चर्चा की.
शाह ने स्पष्ट किया कि 2026 में सत्ता परिवर्तन के लिए जमीनी स्तर पर काम करना अनिवार्य है.
वहीं, टीएमसी ने इस बैठक पर तंज कसते हुए इसे भाजपा की हताशा करार दिया है.
तीन दिवसीय दौरे पर आए शाह ने यह भी दोहराया कि भाजपा सरकार बनने पर घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें बाहर निकाला जाएगा.