भारत से तनाव के बीच बांग्लादेश पाक से सैन्य समझौता करेगा ?
नई दिल्ली । डेस्क: बांग्लादेश में शेख हसीना के सत्ता से हटने और मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार के आने के बाद दक्षिण एशिया के भू-राजनीतिक समीकरण तेजी से बदलते नजर आ रहे हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बांग्लादेश अब भारत से दूरी बनाते हुए पाकिस्तान के साथ एक औपचारिक सैन्य समझौते पर बातचीत कर रहा है. आईएएनएस की एक रिपोर्ट के मुताबिक, यह रक्षा समझौता उसी तर्ज पर हो सकता है जैसा पाकिस्तान ने सऊदी अरब के साथ कर रखा है.
यदि यह समझौता धरातल पर उतरता है, तो पाकिस्तान और बांग्लादेश एक-दूसरे के करीबी सैन्य सहयोगी बन जाएंगे. इस संभावित रक्षा सौदे के तहत दोनों देश आधिकारिक तौर पर खुफिया जानकारी साझा करेंगे और संयुक्त सैन्य अभ्यास भी शुरू कर सकते हैं.
भारतीय खुफिया एजेंसियां इस घटनाक्रम पर पैनी नजर रखे हुए हैं, क्योंकि भारत की पूर्वी और पश्चिमी दोनों सीमाओं पर स्थित देशों का सैन्य गठबंधन सुरक्षा के लिहाज से बेहद संवेदनशील है.
रिपोर्ट में यह भी संकेत दिया गया है कि भविष्य में इस समझौते में परमाणु क्षमताओं से जुड़े पहलू भी शामिल हो सकते हैं, जो भारत की चिंताओं को और गहरा कर सकता है.
बताया जा रहा है कि इस 'म्यूचुअल डिफेंस एग्रीमेंट' के मसौदे को तैयार करने के लिए एक संयुक्त तंत्र का गठन किया जा चुका है.
लक्ष्य यह है कि बांग्लादेश में फरवरी में होने वाले आम चुनावों से पहले इस समझौते पर हस्ताक्षर कर दिए जाएं.
इस प्रस्तावित सौदे को बांग्लादेशी सेना का भी समर्थन प्राप्त है और दोनों देशों के सैन्य अधिकारी इस सिलसिले में एक-दूसरे के देशों का दौरा भी कर चुके हैं. File Photo