अमेरिका ने भारत पर लगाया 25 फ़ीसदी टैरिफ
दिल्ली | डेस्कः अमेरिका ने बुधवार को भारत से आयात किए जाने वाली वस्तुओं और सेवाओं पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाने की घोषणा की है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आज भारत के लिए नए टैरिफ रेट का ऐलान किया.
इसके साथ ही डोनाल्ड ट्रंप ने रूस के साथ व्यापार करने के लिए भारत पर अलग से पेनल्टी लगाने का भी ऐलान किया है. हालांकि, ये पेनल्टी कितनी होगी, इसके बारे में अभी कोई घोषणा नहीं की गई है.
ट्रुथ सोशल पर ट्रंप ने लिखा- "भारत के साथ किसी भी देश की तुलना में सबसे सख़्त और ग़ैर-आर्थिक व्यापार प्रतिबंध हैं. इसक साथ ही वह रूस से बड़ी तादाद में अपने सैन्य साज़ो-सामान ख़रीदते हैं. ऐसे समय में जब सब चाहते हैं कि रूस यूक्रेन में क़त्लेआम बंद करे वह रूस से ऊर्जा ख़रीद के मामले में चीन के साथ सबसे बड़े ख़रीदार हैं."
ट्रंप ने लिखा, "यह सभी चीज़ें अच्छी नहीं हैं. भारत को इन सबके लिए जुर्माने के साथ 25 फ़ीसदी का टैरिफ़ भरना होगा जो 1 अगस्त से शुरू होगा. इस मसले पर आपका ध्यान देने के लिए धन्यवाद, मेक अमेरिका ग्रेट अगेन. "
ट्रंप की इस घोषणा के बाद कांग्रेस पार्टी ने सोशल मीडिया पर लिखा- 'ट्रंप ने भारत पर 25 प्रतिशत टैरिफ़ लगा दिया है. साथ ही उन्होंने पेनल्टी भी लगा दी है. नरेंद्र मोदी ने ट्रंप के लिए कैंपेन की. अबकी बार ट्रंप सरकार जैसे स्लोगन दिए. उन्हें भाइयों की तरह गले लगाया. उसके जवाब में ट्रंप ने भारत पर ऐसे कड़े टैरिफ़ लगा दिए. ये सरकार की विदेश नीति की घोर नाकामी है. एक शख़्स की दोस्ती की क़ीमत पूरे देश को चुकानी पड़ रही है."
इधर भारतीय जनता पार्टी ने इस पर आश्चर्य जताया. भाजपा के सांसद अशोक चह्वाण ने कहा, "मुझे नहीं लगता कि राष्ट्रपति ट्रंप का ये फ़ैसला किसी आपसी बातचीत के बाद लिया गया है. हमारे वाणिज्य मंत्री लगातार अमेरिकी प्रशासन के संपर्क में थे. इस मुद्दे पर किसी भी तरह की अपील या विमर्श की मांग को माना जाना चाहिए ताकि भारत को किसी तरह का नुक़सान ना हो."