अंबिकापुर: नशीले इंजेक्शन की तस्करी करने वाले को 12 साल की जेल
अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में प्रतिबंधित नशीली दवाओं का काला कारोबार करने वाले एक आरोपी को अदालत ने कड़ी सजा सुनाई है. विशेष न्यायालय (नारकोटिक्स) के न्यायाधीश अतुल कुमार श्रीवास्तव ने दर्रीपारा क्षेत्र के रहने वाले सूरज यादव को नशीले इंजेक्शन की तस्करी के जुर्म में 12 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है.
इसके साथ ही अदालत ने उस पर एक लाख रुपए का आर्थिक जुर्माना भी लगाया है. यदि आरोपी जुर्माने की राशि जमा नहीं करता है, तो उसे 6 महीने की अतिरिक्त सश्रम जेल काटनी होगी.
यह पूरा मामला सितंबर 2025 का है, जब आबकारी विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर इस कार्रवाई को अंजाम दिया था. सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता को यह सटीक जानकारी मिली थी कि आरोपी सूरज यादव अपनी टीवीएस मोटरसाइकिल से नशीले इंजेक्शनों की बड़ी खेप सप्लाई करने जा रहा है.
सूचना मिलते ही आबकारी उड़नदस्ता की टीम ने मेडिकल कॉलेज के पास स्थित हर्राटिकरा पुलिया के आसपास घेराबंदी कर दी और संदिग्ध अवस्था में पहुंचे आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया.
गिरफ्तारी के बाद जब आबकारी टीम ने आरोपी के बैग की तलाशी ली, तो उसमें से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाएं बरामद हुईं. सूरज यादव के बैग से 99 नग रेक्सोजेसिक इंजेक्शन और 79 नग एविल इंजेक्शन जब्त किए गए थे.
इस बरामदगी के बाद आबकारी विभाग ने आरोपी के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया था, जहां से गहन सुनवाई और सबूतों के आधार पर अब उसे 12 वर्ष के कारावास की सजा सुना दी गई है.