अंबिकापुर हत्याकांड: 8 दिनों से फरार हत्यारा चिरमिरी में गिरफ्तार
अंबिकापुर । संवाददाता: सरगुजा संभाग को दहला देने वाले बहुचर्चित महिला दुष्कर्म और हत्या मामले में मुख्य आरोपी मिथुन उर्फ पांडा को शुक्रवार को एमसीबी जिले के चिरमिरी इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर कुल 35 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था.
घटना के बाद से ही आरोपी की तलाश में पुलिस की चार विशेष टीमें जुटी हुई थीं.
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय इनपुट के आधार पर पुलिस ने उसकी घेराबंदी की.
आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए सिलफिली के जंगलों का भी सहारा लिया था, जहां पुलिस ने ड्रोन कैमरों के जरिए तलाशी अभियान चलाया.
आखिरकार शुक्रवार को वह चिरमिरी में पुलिस के हत्थे चढ़ गया. सरगुजा एसपी राजेश अग्रवाल ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी मूल रूप से प्रतापपुर (सूरजपुर) का निवासी है और पिछले सात वर्षों से अंबिकापुर में रहकर कबाड़ बीनने का काम करता था.
मृतका और आरोपी एक-दूसरे को पहले से जानते थे.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्राथमिक जांच में सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले थे, जिससे मामला काफी वीभत्स हो गया था.
पुलिस महानिरीक्षक की ओर से 30 हजार और पुलिस अधीक्षक की ओर से 5 हजार रुपये का इनाम घोषित होने के बाद पूरे संभाग की पुलिस अलर्ट पर थी. पकड़े गए आरोपी को शुक्रवार शाम तक अंबिकापुर लाया जाएगा, जिसके बाद पूछताछ और आगे की वैधानिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी.