अंबिकापुर ज्वेलरी लूट: ओडिशा से 50 लाख के सोने-चांदी के आभूषण बरामद
अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में ज्वेलर्स से हुई करीब 50 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. ओडिशा पुलिस ने गंजम जिले के सोराडा में स्थित एक आरोपी के बंद मकान से लूटे गए 300 ग्राम सोने और 1.4 किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए हैं.
यह वारदात 26 जुलाई को अंबिकापुर के सीतापुर थाना क्षेत्र में घटी थी, जहां दुकान खोलते समय बाइक सवार चार बदमाशों ने सर्राफा व्यापारी से जेवरों से भरा बैग छीन लिया था.
घटना के बाद छत्तीसगढ़ पुलिस ने देशभर के थानों में सीसीटीवी फुटेज साझा की थी, जिसकी मदद से ओडिशा की सोराडा पुलिस ने आरोपी की पहचान की.
आरोपी और उसकी पत्नी के बैंक खातों पर कई दिनों तक नजर रखने के बाद जब कोई संदिग्ध लेनदेन नहीं मिला, तो पुलिस ने आरोपी के घर पर छापेमारी की.
तलाशी के दौरान पुलिस को सूखे आम (अमचूर) के एक डिब्बे के भीतर छुपाकर रखे गए गहने मिले. बरामद आभूषणों को आगे की कार्रवाई के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस को सौंप दिया गया है. फिलहाल आरोपी फरार हैं और दोनों राज्यों की पुलिस टीमें उनकी तलाश में विभिन्न ठिकानों पर दबिश दे रही हैं. Symbolic Photo