अम्बिकापुर: 172 बच्चों की हृदय जांच, 30 की होगी निःशुल्क सर्जरी
अम्बिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के अम्बिकापुर स्थित जिला चिकित्सालय के मातृ एवं शिशु अस्पताल में रविवार को राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (चिरायु) के तहत विशेष कार्डियक स्क्रीनिंग शिविर का आयोजन किया गया. इस शिविर में जिले भर से आए 1 से 14 वर्ष की आयु के कुल 172 बच्चों का पंजीयन कर उनकी विस्तृत जांच की गई.
रायपुर के एमएमआई नारायणा हॉस्पिटल से आए कार्डियोलॉजिस्ट विशेषज्ञों की टीम ने 57 बच्चों का ईको टेस्ट किया, जिसमें से 30 बच्चों में हृदय रोग के लक्षण पाए गए.
चिन्हांकित किए गए इन सभी 30 बच्चों का रायपुर के एमएमआई नारायणा हॉस्पिटल में निःशुल्क ऑपरेशन कराया जाएगा.
शिविर के दौरान मेडिकल कॉलेज अम्बिकापुर के शिशु रोग विशेषज्ञों और स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारियों की टीम मौजूद रही, जिन्होंने बच्चों के उपचार और व्यवस्थाओं का जायजा लिया.
जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की इस संयुक्त पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बच्चों में हृदय संबंधी बीमारियों की समय पर पहचान कर उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को भी नया जीवन मिल सके.