अंबिकापुर: मामूली कहासुनी में दोस्त का कुल्हाड़ी से गला रेता, दो आरोपी गिरफ्तार
अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में लोकपर्व करमा के दौरान हुए आपसी विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया. कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत खैरबार में नशे में धुत दो युवकों ने अपने ही दोस्त की कुल्हाड़ी से गला काटकर हत्या कर दी. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या में शामिल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूल रूप से कोरिया जिले के पटना निवासी 22 वर्षीय विश्वदीप उर्फ राजा विगत तीन वर्षों से अंबिकापुर में रहकर एक गैरेज में मोटर मैकेनिक का काम सीख रहा था.
3 अक्टूबर की रात वह अपने स्थानीय दोस्तों आकाश, आकाश कुमार और शनि कुमार के साथ करमा त्योहार मनाने खैरबार गांव गया था. उत्सव के दौरान ही किसी बात पर उनके बीच तीखी बहस हो गई, जिसके बाद आरोपी आकाश ने विश्वदीप को थप्पड़ मार दिया.
विवाद के बाद सभी लोग वहां से चले गए और विश्वदीप अपने साथी शनि कुमार के साथ कमरे में आकर खाना खाने लगा.
घटना की खौफनाक पटकथा तब लिखी गई जब थोड़ी देर बाद आकाश और आकाश कुमार अचानक विश्वदीप के कमरे पर आ पहुंचे. उन्होंने पहले शनि कुमार से मारपीट कर उसे भगा दिया और फिर अंदर से शटर बंद कर दिया.
विश्वदीप ने जान बचाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने धारदार कुल्हाड़ी से उसके गले पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उसने मौके पर ही तड़पकर दम तोड़ दिया.
अगली सुबह सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया तथा चश्मदीदों के बयान के आधार पर आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया. कोतवाली थाना प्रभारी अखिलेश सिंह के मुताबिक, शुरुआती जांच में आरोपियों का नशे में होना सामने आया है, जबकि विवाद के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए आगे की पूछताछ जारी है.