अंबिकापुर: छात्रा ने फांसी लगाई, छात्र नेता पर ब्लैकमेलिंग का आरोप
अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर स्थित पटपरिया क्षेत्र में पीजी कॉलेज की बीए प्रथम वर्ष की 19 वर्षीय छात्रा ने अपने जीजा के घर के बाथरूम में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. छात्रा करीब छह महीने पहले ही पढ़ाई के सिलसिले में अंबिकापुर आई थी. घटना की रात जब वह काफी देर तक बाथरूम से बाहर नहीं आई, तो खिड़की से देखने पर उसका शव फंदे से झूलता पाया गया.
इस दुखद घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और सूचना मिलने पर पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है.
मृतका के परिजनों का कहना है कि छात्रा की सहेलियों से उन्हें एक छात्र नेता ज्ञान तिवारी द्वारा उसे प्रताड़ित किए जाने की जानकारी मिली है. परिजनों का गंभीर आरोप है कि एनएसयूआई (NSUI) से जुड़े इस छात्र नेता के पास छात्रा के कुछ व्यक्तिगत चैट और वीडियो थे, जिन्हें सार्वजनिक करने और परिवार को दिखाने की धमकी देकर उसे लगातार ब्लैकमेल किया जा रहा था.
परिजनों का कहना है कि घटना से कुछ समय पहले तक छात्रा बिल्कुल सामान्य थी, जिससे आशंका जताई जा रही है कि आरोपी के किसी दबाव या धमकी के कारण ही उसने यह खौफनाक कदम उठाया है.
इस घटना के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी विरोध के स्वर मुखर हो गए हैं. अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए गांधीनगर थाने के बाहर उग्र प्रदर्शन किया और आरोपी का पुतला दहन किया.
एबीवीपी की जिला संयोजक रानी मिश्रा ने आरोप लगाया कि राजनीतिक संरक्षण के कारण पुलिस इस मामले में सुस्ती बरत रही है, इसलिए आरोपी के खिलाफ तुरंत प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए.
वहीं, प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने भी घटना पर संज्ञान लेते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की पैरवी की है. दूसरी ओर, जांच अधिकारी दिलीप दुबे का कहना है कि पुलिस हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.