अंबिकापुर: पारिवारिक विवाद में ससुर की चाकू मारकर हत्या, दामाद समेत 3 गिरफ्तार
अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में पारिवारिक कलह और कोर्ट में चल रहे तलाक के विवाद के चलते एक दामाद ने अपने ससुर की सुपारी देकर हत्या करवा दी. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य साजिशकर्ता दामाद और वारदात में शामिल दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी की तलाश अभी भी जारी है.
यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के रसूलपुर इलाके का है. मृतक की पहचान 64 वर्षीय बशीरुद्दीन (लज्जू) के रूप में हुई है, जो पेशे से एलआईसी (LIC) एजेंट थे. 16 सितंबर की सुबह जब वह अपने घर पर मौजूद थे, तभी हमलावरों ने घर के भीतर घुसकर उन पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए.
बशीरुद्दीन ने खुद को बचाने का प्रयास भी किया, लेकिन गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े. परिजनों द्वारा अस्पताल ले जाने के बाद इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया.
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की.
पुलिस की पूछताछ में यह खुलासा हुआ कि मृतक का अपनी बेटी सादिया के पति मो. नाजिम शबा से विवाद चल रहा था. बेटी और नाजिम की शादी तीन साल पहले हुई थी, लेकिन आपसी अनबन और गहनों की वापसी को लेकर दोनों के बीच कोर्ट में तलाक का मामला लंबित था. नाजिम पहले भी केस वापस न लेने पर जान से मारने की धमकी दे चुका था.
पूछताछ में दामाद नाजिम ने स्वीकार किया कि उसने ससुर को रास्ते से हटाने के लिए 5 लाख रुपये में शूटरों से सौदा किया था. इस साजिश को अंजाम देने के लिए उसने झारखंड के पलामू से दो हमलावरों को बुलाया और अपने एक सहयोगी के किराए के कमरे में उन्हें ठहराया. वारदात के दिन आरोपी एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर रसूलपुर पहुंचे थे.
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी दामाद मो. नाजिम शबा, झारखंड निवासी शूटर कंचन कुमार और सहयोगी नेजारूउद्दीन उर्फ गुड्डू को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस फिलहाल फरार चल रहे एक अन्य शूटर की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है.