अंबिकापुर: फादर पर एयरगन से फायरिंग का आरोप, युवक घायल
अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिला स्थित अंबिकापुर के कोतवाली थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. नमनाकला रिंग रोड पर स्थित ख्रीस्त मिलन आश्रम परिसर में शुक्रवार दोपहर बातचीत कर रहे दो स्थानीय युवकों पर संस्था के फादर ने एयरगन से फायर कर दिया.
इस घटना में एक युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया है. पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी फादर को हिरासत में ले लिया है और घटना में प्रयुक्त हथियार को भी जब्त कर लिया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक कार्यालय व कोतवाली पुलिस ने बताया कि आरोपी फादर विनोद तिर्की को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. थाना प्रभारी अखिलेश सिंह के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि चोरी के संदेह में युवकों पर फायर किया गया था.
पुलिस ने आश्रम परिसर से एयरगन बरामद कर ली है और पीड़ित का डॉक्टरी परीक्षण कराया गया है.
घटना के पीड़ित खटिकपारा निवासी आयुष सोनकर ने बताया कि वह अपने साथी आजाद सोनकर के साथ आश्रम के खुले मैदान में बैठकर बातचीत कर रहा था. आश्रम की बाउंड्रीवॉल टूटी होने के कारण आसपास के बच्चे और युवा अक्सर वहां खेलने व बैठने जाते हैं.
युवकों का दावा है कि जब उन्होंने फादर को हाथ में एयरगन लेकर आते देखा तो वे वहां से भागने लगे, तभी पीछे से चलाई गई गोली का छर्रा आयुष के गले के पिछले हिस्से और पैर में जा लगा.
घायल युवक का यह भी आरोप है कि गोली चलाने के बाद फादर ने धारदार हथियार (गड़ासा) लहराते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी. किसी तरह मौके से सुरक्षित निकलने के बाद पीड़ितों ने आपातकालीन सेवा (डायल 112) और स्थानीय कोतवाली थाने में पहुंचकर आपबीती सुनाई, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और वैधानिक कार्रवाई शुरू की.