आंबेडकर अस्पताल का रिकॉर्ड: 2 महीने में 13 सफल 'लंग लोबेक्टॉमी' सर्जरी
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर मेमोरियल अस्पताल के कार्डियोथोरैसिक एंड वैस्कुलर सर्जरी विभाग ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है. अस्पताल के डॉक्टरों ने पिछले दो महीनों के भीतर फेफड़ों की जटिल बीमारी से पीड़ित 13 मरीजों की सफल 'लंग लोबेक्टॉमी' (फेफड़े के प्रभावित हिस्से को हटाना) सर्जरी की है.
इनमें से 9 बेहद जटिल ऑपरेशन तो महज 20 दिनों के भीतर किए गए हैं, जो प्रदेश के किसी भी सरकारी संस्थान के लिए एक नया कीर्तिमान है.
अस्पताल में सर्जरी कराने वाले मरीजों में 15 वर्ष के किशोर से लेकर 70 वर्ष तक के बुजुर्ग शामिल हैं. एस्पर्जिलोमा (फंगस इन्फेक्शन) से पीड़ित 15 वर्षीय मरीज का बायां ऊपरी हिस्सा (लोब) निकालकर उसे नई जिंदगी दी गई, जो इस संस्थान में यह जटिल ऑपरेशन कराने वाला सबसे कम उम्र का मरीज बन गया है.
इसके अलावा, खून की उल्टी (हेमोप्टिसिस) की गंभीर स्थिति में आए दो मरीजों का आपातकालीन स्थिति में ऑपरेशन कर जान बचाई गई.
विभागाध्यक्ष डॉ. कृष्णकांत साहू के अनुसार, लोबेक्टॉमी एक बेहद जटिल और जोखिम भरी प्रक्रिया है. इस सर्जरी में फेफड़े के केवल उसी बीमार हिस्से को काटकर अलग किया जाता है जो संक्रमण या ट्यूमर से प्रभावित होता है. डॉक्टरों ने इन सभी सर्जरियों में आधुनिक 'लंग स्टेपलर' तकनीक का इस्तेमाल किया है, जिससे ऑपरेशन के बाद होने वाले गंभीर संक्रमण और अन्य जटिलताओं का खतरा न के बराबर रहता है.
छत्तीसगढ़ में टीबी के पुराने मामलों के कारण मरीजों में 'एस्पर्जिलोमा' और 'ब्रोंकिएक्टेसिस' जैसी बीमारियां अधिक देखने को मिलती हैं, जिनमें फेफड़ों में घाव बनने से मुंह से खून आने लगता है. समय रहते लोबेक्टॉमी सर्जरी करने से मरीज पूरी तरह स्वस्थ हो जाता है.
आंबेडकर अस्पताल का यह विभाग छत्तीसगढ़ में फेफड़ों के सबसे ज्यादा ऑपरेशन करने वाला केंद्र है. जहां सामान्यतः साल भर में 15 से 20 लोबेक्टॉमी होती थीं, वहीं अब दो महीने में ही 13 सफल ऑपरेशन किए जा चुके हैं.
इस विश्वस्तरीय सुविधा का लाभ न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि बिहार, झारखंड, ओडिशा, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश से आने वाले मरीजों को भी मिल रहा है. आयुष्मान योजना के तहत ये सभी जटिल और खर्चीले ऑपरेशन पूरी तरह से मुफ्त किए गए हैं.