बुध, 11 नव. 2026

CGKhabar

कोरबा में वन्यजीव शिकार मामले में रिश्वत के आरोप

C

CG Khabar

08 जून 2026, 11:42 PM 2 मिनट में पढ़ें 13

डिप्टी रेंजर
डिप्टी रेंजर

कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से वन विभाग के भीतर भ्रष्टाचार और सांठगांठ का एक गंभीर मामला सामने आया है. कटघोरा वनमंडल के पसान परिक्षेत्र में जंगली सूअर के अवैध शिकार के आरोपियों को मोटी रकम लेकर छोड़ने का आरोप खुद विभाग की एक अधिकारी ने लगाया है. 


सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें डिप्टी रेंजर उषा सोनवानी कुछ ग्रामीणों के सामने यह दावा करती दिख रही हैं कि मुख्य आरोपियों ने एक फॉरेस्ट गार्ड को करीब डेढ़ से दो लाख रुपये की रिश्वत दी और मौके से फरार हो गए.

विज्ञापन


इस मामले के तूल पकड़ने के बाद जिला वन मंडलाधिकारी (DFO) कुमार निशांत ने तत्काल संज्ञान लिया है. उन्होंने पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक जांच के आदेश जारी कर दिए हैं. 


डीएफओ ने स्पष्ट किया है कि पसान रेंजर मनीष सिंह को इस पूरे मामले की कमान सौंपी गई है और जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने दोहराया कि वन्यजीवों का शिकार पूरी तरह प्रतिबंधित है और विभाग में किसी भी स्तर पर लापरवाही या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं होगा.


यह पूरा विवाद लैंगा बीट के करी गांव से शुरू हुआ, जहां कुछ ग्रामीणों ने मिलकर एक जंगली सूअर का शिकार किया था. 


जब वन विभाग की टीम को इसकी भनक लगी, तो फॉरेस्ट गार्ड राम कुमार कोराम के नेतृत्व में अमले ने छापेमारी की. मौके से शिकार में इस्तेमाल किए गए औजार और सामग्री तो जब्त कर ली गई, लेकिन असली मोड़ तब आया जब कार्रवाई के बाद डिप्टी रेंजर का शिकायती वीडियो सामने आया. 


वीडियो में डिप्टी रेंजर यह कहती सुनी जा सकती हैं कि इस मामले की वजह से उन्हें जनता की गालियां सुननी पड़ीं और उनकी बदनामी हुई, जबकि मुख्य आरोपी पैसे देकर बच निकले. 


वहीं, मौके पर मौजूद ग्रामीणों का कहना था कि उन्हें उम्मीद थी कि इस लेन-देन की रकम में से कुछ हिस्सा उन्हें भी मिलेगा, इसलिए उन्होंने पहले इस बात की जानकारी उच्च अधिकारियों को नहीं दी.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP