इमरान खान को इलाज से वंचित करने का आरोप: PTI
नई दिल्ली । डेस्क: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी को लेकर एक बार फिर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं. इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) ने पाकिस्तान सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री और उनकी पत्नी को उनके कानूनी, संवैधानिक और बुनियादी मानवाधिकारों से वंचित किया जा रहा है.
खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के प्रांतीय मंत्री और पीटीआई नेता शफी जान ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया कि इस जोड़े को उचित स्वास्थ्य सुविधाएं भी नहीं दी जा रही हैं.
शफी जान ने 'इंसाफ डॉक्टर्स फोरम' के साथ साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इमरान खान पिछले चार महीनों से आंख की बीमारी से पीड़ित हैं और उनकी आंखों की रोशनी अभी तक पूरी तरह ठीक नहीं हुई है.
उन्होंने दावा किया कि जेल नियमों का उल्लंघन करते हुए दोनों को देर रात चुपचाप अस्पताल ले जाया गया, जहां करीब तीन घंटे तक उनका मेडिकल चेकअप चला.
इसके बावजूद, पीटीआई नेतृत्व या उनके परिवार के साथ कोई भी आधिकारिक मेडिकल रिपोर्ट साझा नहीं की गई, जिससे उनकी सुरक्षा और सेहत को लेकर संदेह और गहरा गया है.
पीटीआई नेता ने मांग की है कि इमरान खान और बुशरा बीबी को तुरंत उनके निजी डॉक्टरों से मिलने की अनुमति दी जाए और उन्हें व्यापक इलाज के लिए शिफा इंटरनेशनल अस्पताल में स्थानांतरित किया जाए.
इसके साथ ही उन्होंने सरकार पर अदालती आदेशों की अवहेलना करने और मुलाकात पर पाबंदी लगाने का आरोप लगाते हुए इसे अदालत की अवमानना करार दिया है. गौरतलब है कि इमरान खान अगस्त 2023 से और उनकी पत्नी मई 2024 से जेल में बंद हैं और उन्हें परिवार व पार्टी सदस्यों से भी संपर्क नहीं करने दिया जा रहा है.