आरोप- मोहम्मद युनिस के साथ न्यूयॉर्क में अवामी लीग समर्थकों द्वारा बदसलूकी
ढाका । डेस्क: न्यूयॉर्क के जॉन एफ कैनेडी हवाई अड्डे पर बांग्लादेश की पूर्व अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद युनिस के खिलाफ उग्र नारेबाजी और बदसलूकी की घटना के बाद बांग्लादेश सरकार ने सख्त रुख अपनाया है. प्रधानमंत्री तारिक रहमान के सूचना एवं प्रसारण सलाहकार ज़ाहिद उर रहमान ने चेतावनी दी है कि इस प्रकार की हरकतों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में कथित तौर पर भंग की जा चुकी अवामी लीग के समर्थक हवाई अड्डे पर मोहम्मद युनिस को घेरकर उग्र नारेबाजी करते दिख रहे हैं. अवामी लीग समर्थकों के विरोध प्रदर्शन के दौरान सुरक्षाकर्मियों ने युनिस को बचाते हुए व्हीलचेयर से वापस टर्मिनल के भीतर पहुंचाना पड़ा.
ज़ाहिद उर रहमान ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस घटना को "अवामी लीग का आतंक" करार दिया और स्पष्ट किया कि विदेश में बैठकर इस तरह की घटनाओं को अंजाम देने वाले अवामी लीग के सदस्यों को परिणाम भुगतने होंगे. उन्होंने इटली में अभिनेत्री और कार्यकर्ता अजमेरी हक बाधोन के साथ हुई अभद्रता का भी जिक्र किया.
उल्लेखनीय है कि शेख हसीना सरकार के पतन के बाद 8 अगस्त 2024 को मोहम्मद युनिस के नेतृत्व में अंतरिम सरकार ने कमान संभाली थी, जिसने लगभग डेढ़ साल तक शासन किया.
हालांकि, उनके कार्यकाल और हालिया स्वास्थ्य व प्रशासनिक निर्णयों को लेकर विदेश में रह रहे अवामी लीग समर्थक लगातार विरोध जता रहे हैं. हाल के समय में बांग्लादेश में खसरे के प्रकोप से 1,000 से अधिक बच्चों की जान जाने के मामले में भी युनिस प्रशासन को भारी राजनीतिक और सार्वजनिक आलोचना का सामना करना पड़ रहा है.