नारायणपुर में मारे गए सभी माओवादियों की शिनाख्त
नारायणपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के घने जंगलों में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ खत्म होने के बाद सभी जवान मुख्यालय लौट आए हैं. मुठभेड़ में अब तक कुल 6 माओवादियों के शव बरामद किए गए हैं, जिनमें तीन महिला माओवादी भी शामिल हैं.
मारे गए सभी माओवादियों की पहचान हो गई है. इनमें डिवीसीएम कमांडर राहुल पुनेम समेत पीएलजीए कंपनी नम्बर एक के उंगा ताती, मनीषा, हरीश उर्फ कोसा, बुधरी कडाम,ताती मीना शामिल हैं.
ये सभी पीएलजीए कम्पनी नम्बर एक के प्लाटून सदस्य थे.
बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने बताया कि सुरक्षा एजेंसियों को अबूझमाड़ क्षेत्र में माओवादियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिली थी. इसके बाद एसटीएफ, डीआरजी और बीएसएफ जवानों की संयुक्त टीमों ने इलाके में सर्चिंग ऑपरेशन शुरू किया था. शुक्रवार को दिन भर रुक-रुक कर फायरिंग चलती रही. मुठभेड़ में मारे गए माओवादियों के शवों को शनिवार को जिला मुख्यालय नारायणपुर लाया गया. मुठभेड़ स्थल से एकके-47, एसएलआर राइफल, बीजीएल लांचर सहित विस्फोटक सामग्री भी बरामद की गई है.
बस्तर आईजी ने बताया कि इस पूरे ऑपरेशन को 'ऑपरेशन मानसून' के तहत अंजाम दिया गया है. बारिश के मौसम में भी ऑपरेशन की गति धीमी नहीं पड़ेगी, बल्कि और तेज़ की जाएगी.
उन्होंने बताया कि बीते डेढ़ सालों में बस्तर संभाग के अलग-अलग जिलों में जवानों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ों में 4 सीसी मेम्बर समेत 204 माओवादी मारे गए हैं. जबकि 1400 से अधिक माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है.