गौतम अडानी के खिलाफ अमेरिका में सभी आपराधिक मामले बंद
नई दिल्ली । डेस्क: अडानी समूह के चेयरमैन गौतम अडानी, उनके भतीजे सागर अडानी और अडानी ग्रीन के पूर्व सीईओ विनीत जैन को अमेरिकी अदालत से बहुत बड़ी राहत मिली है. न्यूयॉर्क के ईस्टर्न डिस्ट्रिक्ट की अमेरिकी जिला अदालत ने अडानी समूह के अधिकारियों के खिलाफ दर्ज सभी आपराधिक आरोपों को निरस्त (Dismissed with Prejudice) कर दिया है. इसके साथ ही करीब दो साल से चले आ रहे इस चर्चित मामले का स्थायी अंत हो गया है.
यह फैसला अमेरिकी न्याय विभाग (DOJ) द्वारा मामले को वापस लेने के लिए दायर 'रूल 48(a)' याचिका के बाद आया है. जज निकोलस गराउफिस ने न्याय विभाग के तर्कों और अडानी समूह द्वारा दिए गए हलफनामे की समीक्षा के बाद इस याचिका को मंजूरी दी.
'विथ प्रेज्यूडिस' खारिज होने का कानूनी मतलब यह है कि अब अमेरिकी सरकार इन आरोपों को दोबारा अदालत में नहीं ला सकती है. हालांकि, कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि यह फैसला मूल आरोपों पर कोई न्यायिक निर्णय या योग्यता के आधार पर दिया गया फैसला नहीं है.
यह मामला नवंबर 2024 में शुरू हुआ था, जब अमेरिकी वकीलों ने आरोप लगाया था कि अडानी समूह ने भारत में सोलर पावर कॉन्ट्रैक्ट्स हासिल करने के लिए भारतीय अधिकारियों को 250 मिलियन डॉलर की रिश्वत देने की साजिश रची और अमेरिकी बाजारों से 3 बिलियन डॉलर से अधिक का फंड जुटाते समय निवेशकों को गुमराह किया. अडानी समूह ने शुरू से ही इन आरोपों को निराधार बताते हुए खारिज किया था.
मामले की सुनवाई के दौरान ट्रम्प प्रशासन ने अदालत में प्रस्तुत किया कि इस मुकदमे को जारी रखना न्याय के हित में नहीं है. न्याय विभाग ने माना कि यह मामला मुख्य रूप से भारत से जुड़ा हुआ था और इसमें क्षेत्राधिकार तथा साक्ष्यों से जुड़ी गंभीर चुनौतियां थीं.
इसके साथ ही विभाग ने यह स्वीकार किया कि यह मामला तत्कालीन बाइडन प्रशासन के अंतिम दिनों में जल्दबाजी में लाया गया एक राजनीतिक रूप से प्रेरित "नेम एंड शेम" कदम प्रतीत होता था, जिसके ट्रायल तक पहुंचने की संभावना न के बराबर थी.
अदालत ने यह भी पाया कि अडानी ग्रीन की भ्रष्टाचार विरोधी नीतियों से जुड़े बयानों को केवल सामान्य कॉरपोरेट दावे ("इनेक्शनबल पफरी") माना जा सकता है, जिस पर कानूनी मुकदमा नहीं चलाया जा सकता.
वहीं, सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन (SEC) के अलग सिविल मामले का भी निपटारा हो गया है. गौतम अडानी ने बिना किसी आरोप को स्वीकार किए SEC को 6 मिलियन डॉलर का नागरिक जुर्माना देने पर सहमति व्यक्त की है.
अदालत के इस फैसले का स्वागत करते हुए गौतम अडानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि उन्होंने इस फैसले को विनम्रता और न्यायिक प्रक्रिया के प्रति गहरे सम्मान के साथ स्वीकार किया है. उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में सत्य, निष्पक्षता और कानून के शासन में उनका विश्वास कभी नहीं डगमगाया. उन्होंने उन सभी लोगों का आभार व्यक्त किया जिन्होंने सिस्टम और भारत की न्याय प्रणाली पर अपना भरोसा बनाए रखा.