AMU परिसर में स्कूल शिक्षक की गोली मारकर हत्या
अलीगढ़ । डेस्क: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) परिसर में बुधवार रात एक स्कूल शिक्षक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान दानिश राव के रूप में हुई है, जो पिछले 11 वर्षों से एएमयू के एबीके हाईस्कूल में कंप्यूटर साइंस पढ़ा रहे थे.
जानकारी के मुताबिक, बुधवार शाम करीब साढ़े आठ बजे दानिश राव अपने दो सहकर्मियों के साथ परिसर में टहलने निकले थे. रात करीब 8 बजकर 50 मिनट पर मोटरसाइकिल से आए दो युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया. आरोप है कि हमलावरों ने पिस्तौल दिखाकर धमकी दी और इसके बाद दानिश राव पर लगातार तीन गोलियां चला दीं. एक गोली उनके सिर में लगी.
गंभीर रूप से घायल दानिश राव को उनके साथी जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई.
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज जादौन ने बताया कि यह घटना विश्वविद्यालय की केंद्रीय लाइब्रेरी के पास हुई. दोनों हमलावरों ने सीधे दानिश राव को निशाना बनाकर गोली चलाई. विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से भी घटना की पुष्टि की गई है.
फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है. हमलावर मौके से फरार हैं. पुलिस ने मामले की जांच के लिए छह टीमों का गठन किया है और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं.