AI समिट विवाद: रायपुर में भाजयुमो ने घेरा कांग्रेस का 'राजीव भवन'
रायपुर । संवाददाता: नई दिल्ली में आयोजित वैश्विक एआई समिट के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं के कथित व्यवहार को लेकर छत्तीसगढ़ की राजनीति गरमा गई है. शनिवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं ने रायपुर स्थित कांग्रेस मुख्यालय 'राजीव भवन' का जोरदार घेराव किया. भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भारत माता चौक पर एकत्रित हुए और वहां से प्रदर्शन करते हुए आगे बढ़े. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपना विरोध दर्ज कराया.
प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने शंकर नगर चौक पर भारी घेराबंदी कर रखी थी और बैरिकेड्स लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की.
हालांकि, स्थिति तब तनावपूर्ण हो गई जब उत्साहित कार्यकर्ता बैरिकेड्स को पार करने की कोशिश करने लगे, जिसके चलते पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच काफी झूमाझटकी और नोकझोंक हुई. जब पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोका, तो कई कार्यकर्ता सड़क पर ही बैठकर विरोध प्रदर्शन करने लगे.
भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने इस मौके पर कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश की छवि खराब करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली के एआई समिट में कांग्रेसियों के कृत्य से भारत का अपमान हुआ है और इसी के विरोध में उन्होंने राहुल गांधी का पुतला भी फूंका.
वहीं, प्रदेश मीडिया प्रभारी वासु शर्मा ने स्पष्ट किया कि जब भी राष्ट्र के सम्मान को ठेस पहुंचाई जाएगी, भाजयुमो इसी तरह सड़क पर उतरकर विरोध जताएगा.