सही नियम नहीं बने तो बेहद खतरनाक साबित हो सकती है AI- बराक ओबामा
नई दिल्ली । डेस्क: पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को लेकर एक बड़ी चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि अगर इस तकनीक को सही तरीके से नियंत्रित और प्रबंधित नहीं किया गया, तो यह मानव समाज के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकती है. 'न्यूयॉर्क टाइम्स' की एक रिपोर्ट के अनुसार, ओबामा ने यह बातें हाल ही में आयोजित एक निजी फंडरेज़िंग कार्यक्रम के दौरान कहीं.
ओबामा ने जोर देकर कहा कि एआई तकनीक निजी कंपनियों के हाथों में बहुत तेजी से आगे बढ़ रही है. यदि समय रहते इस पर कड़े नीतिगत कदम नहीं उठाए गए, तो स्थिति अनियंत्रित हो सकती है. उन्होंने डेमोक्रेटिक पार्टी के नेताओं से अपील की है कि वे एआई नीतियों और इसके नियमन को अपने मुख्य राजनीतिक एजेंडे में शामिल करें.
ओबामा ने हाउस माइनॉरिटी लीडर हकीम जेफ्रीस को सलाह दी कि यदि आगामी मध्यावधि चुनावों के बाद डेमोक्रेट्स हाउस में बहुमत हासिल करते हैं, तो उन्हें एआई सुरक्षा पर एक व्यापक सार्वजनिक नीति ढांचा (Policy Framework) तैयार करना चाहिए.
इसके साथ ही, उन्होंने 2028 के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवारों से भी आग्रह किया कि वे एआई के सुरक्षा और आर्थिक खतरों से निपटने के लिए एक स्पष्ट योजना जनता के सामने रखें.
यह चेतावनी ऐसे समय में आई है जब अमेरिकी सांसदों पर एआई कंपनियों के लिए कड़े नियम बनाने का दबाव बढ़ रहा है. हाल ही में शोधकर्ताओं और टेक विशेषज्ञों ने चेतावनी जारी की है कि बिना नियंत्रण के विकसित हो रहे एआई एजेंट्स बाहरी प्रणालियों को हैक करने जैसे जोखिम पैदा कर रहे हैं.
यहां तक कि एंथ्रोपिक के सीईओ डारियो अमोदेई, ओपनएआई के सैम ऑल्टमैन और एक्सएआई के एलन मस्क जैसे उद्योग जगत के दिग्गजों ने भी एआई की क्षमता वृद्धि को सीमित करने और इसके दुरुपयोग को रोकने पर सहमति जताई है.