IIT Bhilai और फ्रांस के इकोले सेंट्रेल डी नैनटेस के बीच समझौता
रायपुर । संवाददाता: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) भिलाई ने वैश्विक स्तर पर शैक्षणिक और अनुसंधान सहयोग को मजबूत करने के लिए फ्रांस के इकोले सेंट्रेल डी नैनटेस (École Centrale de Nantes) के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं. यह द्विपक्षीय समझौता फ्रांस के नीस शहर में आयोजित 'भारत इनोवेट्स' (ग्लोबल एक्सीलरेशन फॉर इंडियन एजुकेशन इकोसिस्टम) कार्यक्रम के दौरान किया गया.
इस साझेदारी का मुख्य उद्देश्य दोनों संस्थानों के छात्रों और फैकल्टी सदस्यों के बीच अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देना है. इस समझौते के तहत दोनों संस्थान फैकल्टी एक्सचेंज, संयुक्त शैक्षणिक गतिविधियों और छात्र विनिमय कार्यक्रमों (स्टूडेंट एक्सचेंज) पर मिलकर काम करेंगे.
इसके अलावा, निजी या सरकारी प्रायोजकों द्वारा वित्तपोषित बहु-संस्थान जॉइंट रिसर्च प्रोजेक्ट्स को भी आगे बढ़ाया जाएगा.
यह समझौता दोनों संस्थानों के छात्रों को सेमिनार में भाग लेने, शैक्षणिक सामग्री साझा करने और समर रिसर्च प्रोग्राम जैसे विशेष शॉर्ट-टर्म प्रोजेक्ट्स का हिस्सा बनने का अवसर देगा. साथ ही, इसके जरिए स्टडी अब्रॉड पहल और जॉइंट व ड्यूल डिग्री प्रोग्राम की शुरुआत भी की जाएगी.
आईआईटी भिलाई के निदेशक प्रोफेसर राजीव प्रकाश और इकोले सेंट्रेल डी नैनटेस की इंटरनेशनल पार्टनरशिप मैनेजर लिंडा सेरांडूर ने इस एमओयू का आदान-प्रदान किया. संस्थान के अनुसार, इस कदम से वैश्विक शैक्षणिक जुड़ाव मजबूत होगा और शिक्षा व अनुसंधान के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सहयोग को एक नया आयाम मिलेगा.