सुधाकर-भास्कर के बाद 5 और माओवादियों की मौत, मुठभेड़ जारी
बीजापुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बीजापुर के नेशनल पार्क में आज तीसरे दिन भी मुठभेड़ जारी है. दोनों ओर से अभी भी गोलीबारी हो रही है.
तीसरे दिन शनिवार को पांच और माओवादियों को मारने का दावा सुरक्षा बलों ने किया है.
सभी माओवादियों के शव बरामद कर लिए गए हैं. साथ ही ऑटोमैटिक हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए हैं.
इस ऑपरेशन के दौरान कुछ जवानों को सांप और मधुमक्खियों ने काट लिया.
इस मुठभेड़ में अब तक सात माओवादियों को मारा जा चुका है. जिसमें एक करोड़ का इनामी माओवादी सुधाकर और 25 लाख रुपए का इनामी भास्कर जैसे बड़े माओवादी भी शामिल हैं.
बीजापुर पुलिस अधीक्षक ने इसकी पुष्टि की है. बताया जा रहा है कि अभी भी नेशनल पार्क के जंगल में कई बड़े माओवादियों की मौजूदगी की सूचना है.
जिसके चलते इस ऑपरेशन को आग बढ़ाया जा रहा है. पिछले तीन दिनों से सुरक्षा बलों ने पहाड़ी को घेर रखा है.
इस बीच रूक-रूक कर लगातार फायरिंग हो रही है. रात में भी गोलीबारी हो रही है.
नेशनल पार्क में मुठभेड़ के पहले दिन गुरुवार को जवानों ने एक करोड़ रुपए के इनामी माओवादी केंद्रीय कमेटी मेंबर सुधाकर उर्फ गौतम को ढेर कर दिया था.
बताया गया कि सुधाकर छुट्टी मनाकर जंगल लौटा था, तभी मुठभेड़ में मारा गया.
उसके बाद दूसरे दिन शुक्रवार को 25 लाख रुपए के इनामी माओवादी भास्कर को मारने का दावा किया था.
दोनों माओवादी ग्रुप के टॉप कमांडर थे. दोनों के शव के साथ ऑटोमैटिक हथियार भी बरामद किया गया है.
बताया गया कि भास्कर तेलंगाना के आदिलाबाद जिले का निवासी था और सीपीआई (माओवादी) की तेलंगाना राज्य समिति के मंचेरियल-कोमरम भीम यानी एमकेबी डिवीजन का सचिव भी था.
मंडुगुला भास्कर राव तेलंगाना स्टेट कमेटी के स्पेशल जोनल कमेटी (एसजेडसी) का सदस्य था.
उसकी उम्र 45 वर्ष थी और वो ग्राम उरूमादला, जिला आदिलाबाद, तेलंगाना का रहने वाला था.
मुठभेड़ के तीसरे दिन शनिवार को फिर 5 माओवादियों को मारा गया. जिसमें 2 महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं.
इन पांचों शवों की पहचान अब तक नहीं हो सकी है. माओवादियों के शवों के पास से 2 एके-47 राइफल, भारी मात्रा में गोला-बारूद और नक्सली दस्तावेज बरामद किए गए हैं.
इस ऑपरेशन में लगातार मिल रही सफलता से सुरक्षा बलों का मनोबल बढ़ा है.
दूसरी ओर लगातार माओवादियों के बड़े नेताओं के मारे जाने से नक्सल संगठनों को गहरा झटका लगा है.
जवानों को सांप ने काटा
बताया गया कि इस ऑपरेशन के दौरान कुछ जवानों को सांप और मधुमक्खियों ने काट लिया.
वहीं तेज गर्मी के चलते कुछ जवान डिहाइड्रेशन के शिकार हो गए. घायल सभा जवानों का उपचार चल रहा है.
फिलहाल सभी खतरे से बाहर हैं. आस-पास के जंगल क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन एवं एरिया डॉमिनेशन अभियान अभी भी जारी है.