अफगानिस्तान: हर दूसरा नागरिक चिंता और तनाव का शिकार
काबुल । डेस्क: अफगानिस्तान में तालिबान के नेतृत्व वाली सरकार ने देश में गहराते मानसिक स्वास्थ्य संकट को लेकर चिंताजनक आंकड़े पेश किए हैं. सार्वजनिक स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले एक साल के दौरान लगभग 20 लाख लोगों ने चिंता और अन्य मानसिक विकारों के इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्रों का रुख किया है.
मंत्रालय के हालिया मूल्यांकन से यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि देश की लगभग आधी आबादी किसी न किसी रूप में मानसिक तनाव और चिंता से जूझ रही है.
टोलो न्यूज़ की रिपोर्ट के मुताबिक, मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि 'इस्लामिक अमीरात' सरकार मरीजों को बेहतर सेवाएं देने के लिए लगातार काम कर रही है और 2021 में सत्ता में आने के बाद से काउंसलर्स की संख्या बढ़ाकर 430 कर दी गई है.
वर्तमान में पूरे देश में 1,100 काउंसलर तैनात हैं, जिनमें 300 महिलाएं शामिल हैं. स्वास्थ्य मंत्रालय का दावा है कि काबुल में एक विशेष मानसिक स्वास्थ्य अस्पताल के अलावा हर ज़ोन में एक समर्पित मेंटल हेल्थ यूनिट संचालित है और हाल के वर्षों में 200 से अधिक विशेषज्ञ इस क्षेत्र में स्नातक होकर निकले हैं.
हालांकि, विश्व स्वास्थ्य संगठन की सितंबर 2025 की रिपोर्ट एक अलग और अधिक चुनौतीपूर्ण तस्वीर पेश करती है. WHO के अनुसार, दशकों के युद्ध, प्राकृतिक आपदाओं और विस्थापन ने अफगान नागरिकों पर गहरे मनोवैज्ञानिक घाव छोड़े हैं.
विशेष रूप से पाकिस्तान और ईरान से लौटने वाले परिवारों की स्थिति अधिक गंभीर है, जहां हर दूसरे व्यक्ति में डिप्रेशन या पीटीएसडी (PTSD) के लक्षण देखे गए हैं. WHO ने आगाह किया है कि तमाम दावों के बावजूद प्रांतीय अस्पतालों और प्राथमिक केंद्रों में अब भी सेवाओं की भारी कमी है, जिससे एक बड़ी आबादी बिना किसी इलाज के रह रही है.