नशे की लत बनी काल: सुकमा में पिता ने टंगिया से वार कर ली बेटे की जान
सुकमा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में आपसी कलह और शराब के नशे ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया. कुम्हरास गांव में रविवार की रात पारिवारिक विवाद इस कदर बढ़ा कि एक पिता ने अपने ही बेटे पर टंगिया (कुल्हाड़ी) से जानलेवा हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है.
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मृतक वेट्टी लक्ष्मण रविवार की रात करीब 10 बजे घर के पास अत्यधिक शराब के नशे में मौजूद था. उसी दौरान उसका पिता वेट्टी हड़मा जंगलों से सूखी लकड़ियां काटकर वापस घर लौटा.
बेटे को नशे की हालत में देखकर पिता आपा खो बैठा और दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई. यह जुबानी जंग देखते ही देखते इतनी हिंसक हो गई कि हड़मा ने पास ही रखी टांगिया से लक्ष्मण के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उसने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया.
स्थानीय निवासियों की मानें तो इस घर में बाप-बेटे के बीच अक्सर मामूली बातों पर कहासुनी और मारपीट होना आम बात थी. रविवार की रात भी शराब की धुन में भड़की चिंगारी खूनी खेल में बदल गई. दुखद पहलू यह भी है कि इस परिवार में बीमारी के कारण पहले ही एक बेटे का साया उठ चुका था और बेटी की शादी हो चुकी है, जिसके बाद अब इस घटना ने परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया है.
वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और आरोपी पिता को तुरंत हिरासत में ले लिया. पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच में आने वाले साक्ष्यों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.