DNA टेस्ट से नहीं बच सकते बरी हुए आरोपी: SC
नई दिल्ली । डेस्क: सुप्रीम कोर्ट ने पितृत्व विवाद को लेकर एक बेहद महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है. अदालत ने स्पष्ट किया है कि अगर कोई पुरुष आपराधिक बलात्कार के मामले में बरी हो चुका है, तब भी संपत्ति और उत्तराधिकार जैसे दीवानी मामलों में पितृत्व की सच्चाई जानने के लिए उसे डीएनए टेस्ट कराने का आदेश दिया जा सकता है.
अदालत के मुताबिक, जब जैविक माता-पिता के संबंध को साबित करने के लिए कोई अन्य ठोस सबूत न हो, तो वैज्ञानिक साक्ष्य (Scientific Evidence) अनिवार्य हो जाते हैं.
जस्टिस संजय करोल और जस्टिस नोंगमीकापम कोटेश्वर सिंह की पीठ ने छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट और निचली अदालत के फैसलों को बरकरार रखते हुए एक व्यक्ति की याचिका को खारिज कर दिया.
याचिकाकर्ता ने एक 27 वर्षीय युवक द्वारा दायर दीवानी मुकदमे में खुद का डीएनए प्रोफाइलिंग कराने के आदेश को चुनौती दी थी. युवक का दावा है कि वह याचिकाकर्ता का जैविक पुत्र है और उसकी संपत्ति में वैध हिस्सेदार है.
यह पूरा मामला साल 1999 से शुरू हुआ था, जब युवक की मां ने याचिकाकर्ता के खिलाफ बलात्कार (IPC की धारा 376) का मामला दर्ज कराया था. आपराधिक मामले में बरी होने को आधार बनाकर याचिकाकर्ता लगातार पितृत्व के दावे को खारिज कर रहा था. उसका तर्क था कि पुरानी अदालती कार्यवाहियों के बाद अब दोबारा इस बात की जांच नहीं की जा सकती.
सुप्रीम कोर्ट ने इस दलील को खारिज करते हुए कहा कि आपराधिक मामले में बरी होने का मतलब सिर्फ यह है कि अभियोजन पक्ष संदेह से परे आरोप साबित नहीं कर पाया. इससे जैविक संबंधों की संभावना पूरी तरह खत्म नहीं हो जाती.
अदालत ने युवक के 'अपने जैविक पिता को जानने के अधिकार' और याचिकाकर्ता के 'निजता के अधिकार' के बीच संतुलन बनाते हुए कहा कि युवक ने अपना पूरा जीवन इस उलझन में बिताया है.
यदि इस विवाद का वैज्ञानिक समाधान नहीं निकाला गया, तो वह अपने उन कानूनी अधिकारों से हमेशा के लिए वंचित रह सकता है जो एक बेटा होने के नाते उसे मिलने चाहिए. न्यायालय ने अंततः याचिका खारिज करते हुए व्यक्ति को डीएनए टेस्ट कराने का आदेश दिया.