आचार्य विद्यासागर नए युग के प्रवर्तक- शाह
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह आचार्य विद्यासागर की विनयांजलि समारोह में शामिल हुए
रायपुर | संवाददाताः केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार को चंद्रगिरी में आचार्य विद्यासागर की प्रथम पुण्यतिथि पर आयोजित विनयांजलि समारोह में शामिल हुए.
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आचार्य विद्यासागर ने एक नए विचार और नए युग का प्रवर्तन किया. उनके शरीर का कण-कण और जीवन का क्षण-क्षण धर्म, संस्कृति और राष्ट्र को समर्पित रहा.
उन्होंने अहिंसा परमो धर्म: के सिद्धांत की समय अनुकूल व्याख्या कर पूरे विश्व में इसे स्थापित करने का काम किया.
उन्होंने कहा कि आचार्य विद्यासागर ने जीवन के अंतिम क्षण तक तपस्या का मार्ग नहीं छोड़ा. उन्होंने हमें सिखाया कि हमारी संस्कृति ही हमारी पहचान है. हम अपनी संस्कृति को खो देते हैं तो विश्व में हमारी कोई पहचान नहीं है.
उन्होंने कहा कि दिगम्बर जैन आचार्य विद्यासागर ने तपस्या का मार्ग अपनाया और अंतिम समय में उन्होंने पंचतत्व को आत्मसात किया. उनका शरीर कृशकाय होता गया. उनके जीवन से जैन समाज को आध्यात्मिक ऊर्जा मिलती है. उन्होंने अपना जीवन राष्ट्र के लिए समर्पित कर दिया. ऐसे लोग विरले होते हैं.
शाह ने कहा कि जिस संत ने अपना पूरा जीवन विद्या की उपासना में बिताया, उनकी समाधि का नाम ‘विद्यायतन’ के अलावा कुछ और नहीं हो सकता. जैन मुनियों ने पूरे देश को एक करने में अपना महत्त्वपूर्ण योगदान दिया है. उत्तर प्रदेश के हस्तिनापुर से लेकर कर्नाटक के श्रवणबेलगोला तक, बिहार के राजगीर से लेकर गुजरात के गिरनार तक हर जगह पैदल घूम कर अपने कर्मों से अपने त्याग का संदेश दिया.
इस अवसर पर गृह मंत्री अमित शाह ने शाह ने आचार्य विद्यासागर की तस्वीर वाला 100 रुपए का सिक्का और 5 रुपए का डाक टिकट भी जारी किया.
साथ ही 108 अष्टधातु से निर्मित विद्यासागर महराज के चरण चिन्ह का लोकार्पण किया.
इस कार्यक्रम के बाद गृह मंत्री अमित शाह चंद्रगिरि स्थित प्रतिभास्थली पहुंचे. जहां उन्होंने जैन संतों के साथ भोजन किया.
इसके बाद मां बम्लेश्वरी मंदिर पहुंचे और माता के दर्शन कर पूजा-अर्चना की.
इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, सांसद संतोष पांडेय भी मौजूद रहे.