कुल्हाड़ी से हत्या कर घर में छिपा आरोपी, पुलिस ने मिर्च का धुआं छोड़कर पकड़ा
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के पेंड्रा गांव में एक सिरफिरे पति का खौफनाक रूप देखने को मिला. पारिवारिक विवाद के बाद पत्नी के मायके चले जाने से गुस्साए 32 वर्षीय हीरा नागेश ने अपने पड़ोसी खोलबहरा नागेश की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी, जबकि बीच-बचाव करने आए एक अन्य युवक नरेंद्र को गंभीर रूप से घायल कर दिया.
वारदात के बाद आरोपी खुद को घर में बंद कर पुलिस टीम पर गोफन से पथराव करने लगा, जिससे कई पुलिसकर्मी घायल हो गए.
आखिरकार 7 घंटे तक चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस को छत तोड़कर मिर्च का धुआं नीचे छोड़ना पड़ा, तब जाकर आरोपी आंखों में जलन के कारण बदहवास होकर बाहर भागा और पकड़ा गया.
पुलिस जांच में सामने आया है कि पेशे से राजमिस्त्री हीरा शराब का आदी था और आए दिन घर में क्लेश करता था.
घटना वाली सुबह जब वह सोकर उठा तो पत्नी गायब थी, जिससे नाराज होकर उसने पड़ोसियों पर पत्नी को बहकाने का आरोप लगाते हुए हमला बोल दिया.
इस घटना के दौरान पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया, स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र बंद कर दिए गए और लोग अपने घरों में कैद रहने को मजबूर हो गए.
मेनपुर पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों सहित 50 से अधिक जवानों की घेराबंदी के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.