रायपुर में चलती कार से युवक को फेंका, मौत
राजधानी रायपुर में चलती कार से युवक को फेंकने से उसकी मौत हो गई
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. मंगलवार की देर शाम शहर में एक और सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया.
इस बार कबीर नगर इलाके में एक युवक को ड्रग्स देने के बाद चलती कार से फेंक दिया गया. इससे उसकी मौत हो गई.
इस घटना के बाद से आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने तत्काल ही कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में आरोपियों को पकड़ लिया.
फिलहाल पुलिस कार सवार युवक और युवती से पूछताछ कर रही है.
इस बार मामला कबीर नगर थाना क्षेत्र के बाल्मीकि नगर क्षेत्र का है. मृतक की पहचान मंदीप सिंह के रूप में हुई है. युवक की कलाई पर खुद का नाम मंदीप गुदा हुआ था.
कल देर शाम को पुलिस को सूचना मिली कि एक सफेद रंग की चलती हुई कार से युवक को धकेल दिया गया.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस युवक को तत्काल ही एम्स अस्पताल लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
घटना के बाद पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिससे कार की पहचान हुई.
इसी आधार पर पुलिस ने कार मालिक संतोष मिश्रा और घटना के समय कार में सवार एक युवती साधना अग्रवाल उर्फ भूरी को हिरासत में लिया.
आरोपी हीरापुर का रहने वाला है. उसकी कपड़े की दुकान है. घटना के दौरान कार खुद संतोष मिश्रा चला रहा था.
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मृतक युवक ड्रग्स का नशा करता था. घटना के पहले तीनों ने नशा किया था. मंदीप अपनी नस में इंजेक्शन के जरिए ड्रग्स लिया था.
आरोपियों के मुताबिक नशे के ओवरडोज की वजह मंदीप की तबीयत बिगड़ गई.जिससे दोनों घबरा गए और चलती कार से उसे बाहर धकेल दिया.
पुलिस का कहना है कि मौत की असल वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद सामने आ पाएगी.